वेनेजुएला में गरीबी चरम पर
वेनेजुएला के पास दुनिया का सबसे बड़ा साबित तेल भंडार है। उसके पास बड़ी मात्रा में सोने और दूसरे खनिजों का भी भंडार है। इसका प्रमुख कारण वेनेजुएला का ओरिनोको बेल्ट और गुयाना शील्ड के आसपास बसा होना है। खाड़ी के कई देश तेल बेचकर आज समृद्धि के शिखर पर पहुंच चुके हैं, वहीं वेनेजुएला गरीब का गरीब बना हुआ है। आज पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा मुद्रास्फीति वेनेजुएला में है। आम लोग दो वक्त की रोटी को तरस रहे हैं। वेनेजुएला की मुद्रा निचले स्तर पर है। ऐसे में सवाल उठता है कि वेनेजुएला दूसरे तेल-समृद्ध देशों से अलग क्यों है।
वेनेजुएला में तेल भंडार
वेनेजुएला पश्चिम में एंडीज पहाड़ों से लेकर पूर्व में विशाल ओरिनोको नदी बेसिन और दक्षिण और पूर्व में प्राचीन गुयाना शील्ड तक फैला हुआ है। ओरिनोको बेल्ट, पूर्वी ओरिनोको बेसिन के साथ 55,000 वर्ग किमी की दक्षिणी पट्टी तक फैला हुआ है। अनुमान है कि वेनेजुएला में 303 अरब बैरल कच्चा तेल मौजूद है, जो वैश्विक पारंपरिक तेल भंडार वाले देशों को टक्कर देता है। इस देश के दक्षिणी इलाके में जंगल से ढके मैदान और उबड़-खाबड़ इलाके हैं, जहां की जमीनों में भारी मात्रा में सोना मौजूद है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण का अनुमान है कि वेनेजुएला के कुल तेल भंडार से 380-652 बिलियन बैरल तकनीकी रूप से निकाला जा सकता है।
वेनेजुएला में सोने का भंडार
वेनेजुएला में गुयाना शील्ड क्षेत्र में 10,000 टन से अधिक निकालने योग्य सोना होने का अनुमान है। इसमें ओरिनोको माइनिंग आर्क क्षेत्र में 8,000 टन से अधिक शामिल है। इतना ही नहीं, वेनेजुएला के केंद्रीय बैंक के पास 161 टन से अधिक सोने का भंडार है। यह दक्षिण अमेरिका में सबसे बड़े सोने के भंडार वाला देश भी है। तेल के अलावा, वेनेजुएला में बॉक्साइट, निकल और दुर्लभ खनिजों के भी बड़े भंडार हैं।
अमेरिका ने वेनेजुएला पर क्यों किया हमला
अमेरिका ने मुख्य रूप से ड्रग्स तस्करी का बहाना बनाकर वेनेजुएला पर हमला किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यह पता था कि जब तक वेनेजुएला में निकोलस मादुरो सत्ता में रहते हैं, तब तक उनका देश अपने हितों को नहीं साध सकता है। इस कारण उन्होंने वेनेजुएला पर हमला कर निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी के साथ पकड़ा है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका का प्रमुख उद्देश्य वेनेजुएला के तेल और सोने पर नियंत्रण, साथ ही चीनी और रूसी प्रभाव का मुकाबला करना है।













