वीरेंद्र सहवाग ने जमकर तारीफ की
भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग भी वैभव सूर्यवंशी के फैन हो गए हैं। सहवाग भी कुछ इसी तरह से बैटिंग किया करते थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘वैभव सूर्यवंशी 80 गेंद पर 175 रन। 15 चौके + 15 छक्के। बराबर चौके, बराबर छक्के, बराबर विनाश। सूर्यवंशी= सूर्यवंश में जन्मे। आज उन्होंने उसी तरह बैटिंग की! दमदार। शानदार। जिसे रोका नहीं जा सकता। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने सब कुछ आजमाया। लेकिन आप सूरज को नहीं रोक सकते। भारतीय क्रिकेट में सूरज उग गया है! यह तो बस भविष्य की एक झलक है।’
भारत ने बोर्ड पर 411 रन टांगे
टॉस जीतने के बाद पहले खेलते हुए भारतीय अंडर-19 टीम ने 412 रन ठोक दिए। यह अंडर-19 विश्व कप के फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था। 2024 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 253 रन बनाए थे। अंडर-19 विश्व कप के नॉकआउट में पहली बार भारत ने 350 का आंकड़ा पार किया है। 2016 में क्वार्टर फाइनल में नामीबिया के खिलाफ भारत ने 349 रन ठोके थे।
सेमीफाइनल के हीरो आरोन जॉर्ज इस मैच में सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव को कप्तान आयुष म्हात्रे का साथ मिला। दोनों के बीच 142 रनों की साझेदारी हुई। आयुष ने 51 गेंद पर 53 रन बनाए। 25 ओवर के बाद भारत का स्कोर 250 रन था। वैभव 26वें ओवर में आउट हो गए। अंत में अभिज्ञान कुंडू ने 40 और कनिष्क चौहान ने 20 गेंद पर 37 रन बनाकर भारत को 400 के पार पहुंचने में मदद की।













