संदीप पाठक ने सदन का ध्यान इस मुद्दे की ओर दिलाते हुए कहा कि हर साल 6 हजार से 7 हजार बच्चे लापता हो रहे हैं उनमें 72 प्रतिशत संख्या गर्ल चाइल्ड की है। देश की राजधानी दिल्ली से हर दिन 17 बच्चे गायब हो रहे हैं। आप सांसद ने बड़े शहरों से इसकी तुलना करते हुए कहा कि मुंबई, बंगलुरु, कोलकाता के मुकाबले दिल्ली में मिसिंग बच्चों की संख्या अधिक है।
वहीं इस मुद्दे को लेकर AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि दिल्ली में सिर्फ 15 दिन में 807 लोग गायब हो गए, जिनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं। ये हालात सामान्य नहीं, बेहद डराने वाले हैं। देश की राजधानी में लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। दिल्ली में हर स्तर पर BJP के पास पूरी ताकत है, फिर भी दिल्ली इतनी असुरक्षित क्यों है।
वहीं दिल्ली में लापता लोगों की संख्या को लेकर पुलिस की ओर से भी एक आंकड़ा जारी किया गया। एक दिन पहले पुलिस की ओर से दिए गए आंकड़ों के अनुसार शहर में लापता लोगों की संख्या लगभग एक दशक से स्थिर बनी हुई है। 2016 से यह आंकड़ा प्रति वर्ष 23 हजार से 24 हजार के आसपास रहा है।













