शुक्रवार को इन बिक्री के बारे में जानकारी तब सामने आई, जब विदेश विभाग ने कांग्रेस को मंजूरी के बारे में सूचना दी। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब मिडिल ईस्ट में ईरान पर संभाविक अमेरिकी सैन्य हमलों की योजना को लेकर तनाव बढ़ रहा है। इसके साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गाजा के लिए अपनी संघर्ष विराम योजना को आगे बढ़ा रहे हैं। इसका मकसद इजरायल-हमास संघर्ष को खत्म करना और दो साल के युद्ध के बाद फिलिस्तीनी क्षेत्र का निर्माण करना है।
सऊदी अरब को क्या दे रहा अमेरिका?
ट्रंप प्रशासन ने सऊदी अरब को 9 अरब डॉलर के हथियारों की बिक्री की मंजूरी दी है। इसमें 730 पैट्रियल मिसाइलों और संबंधित उपकरणों की बिक्री शामिल है। विदेश विभाग ने कहा कि यह मंजूरी खाड़ी क्षेत्र में राजनीतिक स्थिरता और आर्थिक प्रगति के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा उद्येश्यों का समर्थन करेगी। यह घोषणा ऐसे समय में हुई, जब सऊदी रक्षा मंत्री प्रिंस खालिद बिन सलमान वॉशिंगटन दौरे पर हैं, जहां उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा सचिव पीट हेगसथ जैसे शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की।
इजरायल को 30 फ्लाइंग टैंक अपाचे
इजरायल को अमेरिकी हथियारों की बिक्री को चार अलग-अलग पैकेजों में बांटा गया है। इसमें 30 अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर और संबंधित उपकरण व हथियार शामिल हैं। इसके अलावा 3250 सामरिक वाहनों की भी मंजूरी दी है। अपाचे हेलीकॉप्टर को उड़ता टैंक भी कहा जाता है। अमेरिकी विदेश के अनुसार, अपाचे हेलीकॉप्टर की कीमत 3.8 अरब डॉलर होगी जो पैकेज का सबसे बड़ा हिस्सा हैं। ये फ्लाइंग टैंक रॉकेट लॉन्चर और एडवांस टारगेटिंग गियर से लैस होंगे।
इजरायल को पैकेज का एक बड़ा हिस्सा हल्के सामरिक वाहनों के लिए है। इसकी लागत 1.98 अरब डॉलर है। हालांकि, इजरायल के लिए मंजूरी पर ट्रंप का विरोध हो रहा है। हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटि में डेमोक्रेट प्रतिनिधि ग्रेगरी मीक्स ने ट्रंप प्रशासन पर इजरायल के लिए डील की घोषणा करने में जल्दबाजी का आरोप लगाया है।
इसके अलावा इजरायल बख्तरबंद गाड़ियों के पावर पैक पर 74 करोड़ डॉलर खर्च करेगा। ये बख्तरबंद वाहन 2008 से इजरायली बलों की सेवा में हैं। बाकी के 15 करोड़ डॉलर हल्के यूटिलिटी हेलीकॉप्टरों पर खर्च किए गए हैं। हालांकि, इसकी संख्या नहीं बताई गई। इजरायल को लेकर विदेश विभाग ने कहा कि कोई भी नई बिक्री क्षेत्र में संतुलन को प्रभावित नहीं करेगी।
सऊदी अरब को हथियार
- 730 पैट्रियट मिसाइल
- संबंधित उपकरण
इजरायल को हथियार
- 30 अपाचे हेलीकॉप्टर- 3.8 अरब डॉलर
- 3250 सामरिक वाहन- 1.98 अरब डॉलर
- बख्तरबंद गाड़ियों का पावर पैक- 74 करोड़ डॉलर
- हल्के यूटिलिटी हेलीकॉप्टर- 15 करोड़ डॉलर













