राहुल ने ट्वीट में क्या लिखा?
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट में लिखा कि बस सवालों से इतनी घबराहट? उन्होंने लिखा कि मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली। उन्होंने आगे लिखा कि खैर, जो उचित समझा, वही किया। इससे पहले पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा था। पीएम मोदी ने परोक्ष रूप से राहुल गांधी के मोहब्बत की दुकान का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा था कि मोहब्बत की दुकान वाले मोदी तेरी कब्र खुदेगी का नारा लगाते हैं।
युवराज के पास चालाक दिमाग : पीएम
पीएम मोदी ने संसद में बुधवार की घटना को लेकर राहुल को निशाने पर लिया। पीएम ने कहा कि कल जो हुआ – कांग्रेस के ‘युवराज’ जिनके पास ‘चालाक दिमाग’ है, उन्होंने इस सदन के एक MP को ‘गद्दार’ कहा। उनका घमंड चरम पर है। उन्होंने कांग्रेस छोड़ने वाले किसी और को गद्दार नहीं कहा। लेकिन उन्होंने उस MP को गद्दार कहा, क्योंकि वह सिख हैं।
पीएम ने कहा कि यह सिखों का अपमान था, गुरुओं का अपमान था। यह सिखों के प्रति उस नफरत का इजहार था जो कांग्रेस में भरी हुई है… वह उस परिवार के सदस्य हैं जिसने देश के लिए खुद को कुर्बान कर दिया। पीएम ने कहा कि सिर्फ इसलिए कि उन्होंने अपनी राजनीतिक विचारधारा बदल ली, वह गद्दार हो गए? यह कोई छोटी बात नहीं है। देश कैसे बर्दाश्त कर सकता है कि किसी नागरिक को गद्दार कहा जाए?… यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे लोग कांग्रेस को डुबो देंगे।














