लहरें टीवी को दिए एक इंटरव्यू में सलमान खान ने कहा कि कुछ फिल्मों में उन्होंने बहुत ज्यादा मेहनत नहीं की, फिर भी दर्शकों और इंडस्ट्री ने उन्हें ही सफलता का चेहरा बना दिया।
‘जब फिल्म सुपरहिट हुई तो सारा क्रेडिट मुझे ही मिलने लगा’
अपनी इन बातों को क्लियर करने के लिए उन्होंने अपनी सबसे पॉप्युलर फिल्मों का उदाहरण दिया। सलमान खान ने ‘करण अर्जुन’ और ‘तेरे नाम’ का जिक्र किया। ‘करण अर्जुन’ का निर्देशन राकेश रोशन ने किया था। सलमान ने कहा था, ‘इस फिल्म में मैंने कोई ज्यादा मेहनत नहीं की थी। फिल्म में बाकी कलाकारों, निर्देशक और पूरी टीम ने जमकर काम किया, लेकिन जब फिल्म सुपरहिट हुई तो सारा क्रेडिट मुझे ही मिलने लगा।’
न तो डायलॉग्स बहुत ज्यादा थे और न ही एक्टिंग में कुछ खास
इसी बातचीत में सलमान खान ने अपनी एक दूसरी हिट फिल्म ‘तेरे नाम’ का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, ‘इस फिल्म में भी मेरा किरदार बहुत साधारण था। न तो डायलॉग्स बहुत ज्यादा थे और न ही एक्टिंग में कोई बड़ा प्रयोग था। इसमें मेरा पहला लुक बैंग्स हेयरकट वाला था और दूसरे लुक में बाल ही नहीं थे। फिल्म में मेरे पास गिनती के ही डायलॉग थे। इसके बावजूद यह फिल्म लोगों के दिलों में उतर गई और आज भी उनकी यादगार फिल्मों में गिनी जाती है।’
बोले सलमान- ‘तेरे नाम’ की सफलता का पूरा श्रेय फिल्म की कहानी
सलमान खान ने ‘तेरे नाम’ की सफलता का पूरा श्रेय फिल्म की कहानी, निर्देशन, स्क्रीनप्ले और लेखन को दिया। बता दें कि ‘करण अर्जुन’ फिल्म 13 जनवरी 1995 को रिलीज हुई थी और ‘तेरे नाम’ ने 15 अगस्त 2003 को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी।
फिर रिलीज होने जा रही है ‘तेरे नाम’
बता दें कि सलमान खान की कल्ट रोमांटिक फिल्म ‘तेरे नाम’ जो साल 2003 में रिलीज हुई थी, वो अब 23 साल बाद 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में फिर से रिलीज होने जा रही है। सतीश कौशिक निर्देशित इस फिल्म में सलमान ‘राधे मोहन’ के किरदार में नजर आए थे। सलमान के फैन्स इन्हें बड़े पर्दे पर देखने के लिए एक बार फिर से बेहद उत्साहित हैं।
सलीम खान को मिनिमल ब्रेन हैमरेज हुआ था
पर्सनल लाइफ की बात करें तो सलमान खान इस वक्त अपने पिता सलीम खान की नासाज तबीयत की वजह से थोड़े परेशान चल रहे हैं। वह मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में भर्ती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, सलीम खान को मिनिमल ब्रेन हैमरेज हुआ था, लेकिन राहत की बात यह है कि इसमें सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी। उम्र ज्यादा होने की वजह से उनकी रिकवरी थोड़ी धीमी है, लेकिन हालत में लगातार सुधार देखा जा रहा है।
सलीम खान को वेंटिलेटर पर रखा गया है
लीलावती अस्पताल में उनका इलाज कर रहे सीनियर डॉक्टर जलील पारकर ने बताया कि सलीम खान को मिनिमल ब्रेन हेमरेज हुआ था। ऐसे मामलों में आमतौर पर सर्जरी की आवश्यकता नहीं होती। उनकी डिजिटल सबट्रैक्शन एंजियोग्राफी (डीएसए) की प्रक्रिया की गई है। यह एक ऐसी जांच प्रक्रिया है जिससे दिमाग की नसों की स्थिति को समझा जाता है और ब्लड सर्कुलेशन संबंधी समस्या का पता लगाया जाता है। डॉक्टर जलील पारकर के मुताबिक, फिलहाल सलीम खान को वेंटिलेटर पर रखा गया है। सेहत को ध्यान में रखते हुए वेंटिलेटर सपोर्ट हटाने और आईसीयू से बाहर शिफ्ट करने पर विचार किया जाएगा। उनका ब्लड प्रेशर भी काफी हाई पाया गया था। अब उनकी स्थिति पहले से बेहतर है और वे धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं। सलीम खान को 17 फरवरी को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती जांच में हाई ब्लड प्रेशर और मिनिमल ब्रेन हेमरेज की बात सामने आई।
सलमान खान की अगली फिल्म इस साल हो रही रिलीज
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान इन दिनों अपूर्वा लखिया की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में व्यस्त गहैं। खबरों के मुताबिक, यह फिल्म इस साल अगस्त में रिलीज होने वाली है। यह फिल्म 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुए झड़प पर बेस्ड है।














