बेटे की चाहत मर्डर!
पुलिस को संदेह है कि बेटे की चाहत में आरोपी शख्स ने पहले पत्नी और फिर तीनों बेटियों की हत्या की है। घटना बुधवार सुबह समयपुर बादली स्थित सर्वोदय विद्यालय के पास चंदन पार्क के पास घटी। घटनास्थल पर पहुंचे लोग वहां का भयावह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। मृत महिला की पहचान 27 वर्षीय अनीता के तौर पर हुई है। वहीं जिन बेटियों की हत्या की गई उनकी उम्र तीन, चार और पांच वर्ष है। मौका ए वारदात पर खून से लथपथ बॉडी पड़ी हुई थीं। पुलिस के मुताबिक, चारों पीड़ितों के गले धारदार हथियार से काटे गए थे।
पुलिस ने बताया कैसे गई जान
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घाव इतने गहरे थे कि उनकी सांस नली कट गई थीं। उन्होंने घटनास्थल को बेहद क्रूर बताया। जांचकर्ता सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं। इसमें विवाहेतर संबंध का संदेह भी शामिल है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि इन जघन्य हत्याओं के पीछे दंपति की तीन बेटियां वजह हो सकती हैं। संदिग्ध आरोपी मुंचुन केवट घर से लापता है। पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह 8:07 बजे पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी।
बेहोश करके फिर धारदार हथियार से की हत्या
वारदात के बाद लाशें सबसे पहले सुबह रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने देखीं। एक रिश्तेदार रूबी ने बताया कि सुबह जब मेरे बहनोई का बेटा अपने चाचा के साथ बाजार गया तो वह रो रहा था। मैं नीचे आई और उससे पूछा कि क्या हुआ तो उसने कहा कि चाची और चचेरी बहनों का गला काट दिया गया है। जब मैंने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि हत्या हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि केवट ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बेटियों को बेहोश किया और फिर उन पर हमला किया।
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि अभी तक कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आया है कि वारदात क्यों हुई। हालांकि, ये पता चला है कि वारदात से पहले वाली रात लगभग 9 बजे उनके बीच विवाद हुआ था। उन्होंने आगे कहा कि प्रेम संबंध की संभावना सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पूरा परिवार मूल रूप से बिहार के पटना जिले का रहने वाला था। पिछले दो वर्षों से ये परिवार दिल्ली के इस इलाके में रह रहा था और पति-पत्नी के बीच आमतौर पर झगड़े नहीं होते थे। केवट आज़ादपुर मंडी में सब्जी विक्रेता का काम करता था।













