नेटफ्लिक्स ने हाल ही ‘घूसखोर पंडत’, ‘हम हिंदुस्तानी’, ‘लेगेसी’ और ‘मुसाफिर कैफे’ के टीजर रिलीज किए हैं। यहां देखिए टीजर और जानिए किसकी क्या है कहानी:
सैफ अली खान और प्रतीक गांधी की ‘हम हिंदुस्तानी’
‘हम हिंदुस्तानी’ एक पीरियड ड्रामा है, जिसमें भारत के पहले लोकतांत्रिक चुनाव के पर्दे के पीछे की कहानी बताई जाएगी। इसमें दिखाया जाएगा कि भारत में पहली बार चुनाव कैसे हुए थे और उस वक्त किन-किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। इसमें सैफ अली खान लीड रोल में हैं। साथ में प्रतीक गांधी भी हैं। इसे राहुल ढोलकिया ने डायरेक्ट किया है। ‘हम हिंदुस्तानी’ की कहानी साल 1950 की घटना पर आधारित है। इसमें ऐसे सरकारी अफसरों की कहानी है, जिन्हें भारत का पहला चुनाव करवाने की जिम्मेदारी दी गई थी। यह उन अफसरों की कहानी बताएगी, जिन्होंने यह सुनिश्चित किया कि देश के हर नागरिक को वोट देने का अधिकार मिले और वो इसके लिए लड़े।
मनोज बाजपेयी की ‘घूसखोर पंडत’
‘घूसखोर पंडत’ में मनोज बाजपेयी लीड रोल में हैं। दर्शक ‘द फैमिली मैन’ के चौथे सीजन के बाद से ही मनोज बाजपेयी की ऐसी ही दमदार कहानी का इंतजार कर रहे थे, और वह ‘घूसखोर पंडत’ के रूप में सामने है। टीजर की शुरुआत इस लाइन से होती है- हर करप्ट ऑफिसर को बदलने का एक मौका मिलता है। अब ऑफिसर अजय दीक्षित की बारी। इसी से हिंट मिल जाता है कि ‘घूसखोर पंडत’ की कहानी क्या होगी। इस क्राइम ड्रामा में अजय दीक्षित नाम के एक ऐसे पुलिस अफसर की कहानी है, जिसके करियर पर उसके द्वारा किए गए कुछ कामों से कभी न धुलने वाले दाग लग चुके हैं। उसकी प्रतिष्ठा पहले से ही धूमिल पड़ चुकी है और दिल्ली पुलिस की ऐसी नौकरी में फंसा है, जहां कोई भविष्य नहीं है। उसके बारे में बताया जाता है कि वह नाम से बदनाम है, शादीशुदा है पर लंगोट का ढीला है। उधर उसकी शादीशुदा जिंदगी टूटने की कगार पर है। लेकिन तभी अजय दीक्षित के सामने एक बेहद उलझाने वाला पेचीदा मामला आता है, जिसमें एक महिला को चलती कार से बेरहमी से बाहर फेंक दिया जाता है। फिर क्या होता है, यह देखने वाली बात होगी।
विक्रांत मैसी की ‘मुसाफिर कैफे’ का टीजर
’12वीं फेल’ से सबके दिलों पर राज करने वाले विक्रांत मैसी अब नई फिल्म ‘मुसाफिर कैफे’ के साथ आ रहे हैं, जिसका टीजर नेटफ्लिक्स ने रिलीज किया गया। कहानी एक छोटे से शहर की लव स्टोरी पर आधारित है और इसका मुख्य किरदार चंदर (विक्रांत मैसी) है। उसने पूरी जिंदगी सिर्फ एक ही लड़की से प्यार किया, जिसका नाम सुधा है, लेकिन वह भी उसे छोड़कर चली गई। उसके जाने के बाद चंदर ‘मुसाफिर कैफे’ खोलता है। एक और लड़की है, जिसका नाम प्रीति है और चंदर की उससे शादी हो चुकी है, पर प्रीति जानती है कि वह उसे कभी वैसा प्यार नहीं दे पाएगी। ‘मुसाफिर कैफे’ में महिमा मकवाना ने प्रीति का किरदार निभाया है।
आर. माधवन और गुलशन देवैया की ‘लेगेसी’
‘धुरंधर’ में अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाने वाले आर. माधवन फिर धमाल मचाने को तैयार हैं। वह सीरीज ‘लेगेसी’ में नजर आएंगे, जो एक पॉलिटिकल ड्रामा है। इसका टीजर रिलीज किया जा चुका है। इसमें आर माधवन के अलावा अभिषेक बनर्जी और निमिषा सजयन भी हैं। आर. माधवन ने सीरीज में एक बेहद पावरफुल राजनेता का रोल प्ले किया है, जिसे जनता का समर्थन मिला हुआ है, लेकिन नैतिकता और कानून के मामले में उसका दामन पूरी तरह से दागदार है। यह सीरीज दिखाती है कि जब एक साम्राज्य का भविष्य दांव पर लगा होता है तो महत्वाकांक्षा, वफादारी और खून के रिश्ते आपस में टकराते हैं। सीरीज में गुलशन देवैया भी हैं। इसे तमिल के अलावा तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषा में भी रिलीज किया जाएगा।













