सोने का ये शहर, दुनिया की पहली “गोल्ड स्ट्रीट” होगा, जो पूरी तरह से सोने से बनी एक अनोखी सड़क होगी। इसे दुबई के डेरा में एक बड़े टूरिस्ट केन्द्र बनाने के मकसद से डिजाइन किया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि यह प्रोजेक्ट रिटेल, होलसेल ट्रेडिंग, बुलियन और इन्वेस्टमेंट को एक ही छत के नीचे लाएगा, जिससे सोने और ज्वेलरी सेक्टर के लिए एक यूनिफाइड इकोसिस्टम बनेगा।
दुबई में बन रहा “गोल्ड स्ट्रीट”
दुबई के अधिकारियों को उम्मीद है कि गोल्ड स्ट्रीट में कम से कम 1000 से ज्यादा रिटेलर सोने की दुकानें होंगी। जिससे इन गलियों की पहचान “सिटी ऑफ गोल्ड” के तौर होगी और पहले से ही आकर्षण का केन्द्र रहे दुबई को इससे एक नई पहचान मिलेगी। इससे दुबई की शान में चार चांद लगेगा। अधिकारियों ने बताया है कि गोल्ड स्ट्रीट के प्लान, डिजाइन और बाकी के प्लानिंग्स के बारे में आगे जानकारी दी जाएगी। लेकिन अभी इसको लेकर एक वीडियो जारी किया गया है।
UAE सरकार के एक अधिकारी ने कहा है कि “गोल्ड डिस्ट्रिक्ट और गोल्ड स्ट्रीट दोनों ही दुबई की कमर्शियल विरासत और सोने के व्यापार के लिए ग्लोबल सेंटर के तौर पर उसकी जगह को दिखाएंगे।” दुबई डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमी एंड टूरिज्म (DET) के हिस्से, दुबई फेस्टिवल्स एंड रिटेल एस्टैब्लिशमेंट (DFRE) के CEO अहमद अल खाजा ने कहा कि “सोना दुबई की सांस्कृतिक और व्यावसायिक बनावट में गहराई से बुना हुआ है और ये हमारी विरासत, समृद्धि और उद्यम की स्थायी भावना का प्रतीक है।”













