हर्षित राणा को होना पड़ा बाहर
गेंदबाजी के दौरान हर्षित राणा को घुटने में तकलीफ महसूस हुई, जिसके बाद वे अपना ओवर पूरा कर मैदान से बाहर चले गए। गुरुवार शाम को टीम मैनेजमेंट को उनकी गंभीर स्थिति के बारे में जानकारी दे दी गई है। हर्षित राणा की जगह अब सेलेक्टर्स ने अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल कर लिया है।
जुलाई 2024 में खेला था आखिरी टी20
मोहम्मद सिराज ने अपना पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच जुलाई 2024 में खेला था। गुजरात टाइटंस की ओर से खेलने वाले इस गेंदबाज के पास 16 मैचों में 14 विकेट लेने का अनुभव है। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि फिजियो अभी भी हर्षित की जांच कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि स्थिति फिलहाल ठीक नहीं लग रही है और उनका बाहर होना टीम के कॉम्बिनेशन के लिए एक बड़ा नुकसान होगा।
वाशिंगटन सुंदर भी नहीं फिट
टीम इंडिया की मुश्किलें केवल तेज गेंदबाजी तक सीमित नहीं हैं। स्टार स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर भी अभी तक अपनी चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और उन्होंने अब तक स्क्वाड जॉइन नहीं किया है। हालांकि, तिलक वर्मा टीम के साथ जुड़ चुके हैं और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वॉर्मअप मैच में हिस्सा भी लिया। सुंदर की अनुपस्थिति टीम के संतुलन को बिगाड़ सकती है, खासकर तब जब भारत को ग्रुप-ए में पाकिस्तान और नीदरलैंड जैसी टीमों का सामना करना है।













