क्या था पूरा मामला?
टीम के सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान खेल बोर्ड (PSB) और PHF के बीच तालमेल की कमी और धन के अभाव ने खिलाड़ियों को इस असहज स्थिति में डाल दिया। सूत्र ने बताया, ‘खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए कैनबरा में एक चार सितारा होटल में कमरे बुक किए गए थे। उन्हें बताया गया था कि पाकिस्तान खेल बोर्ड और पीएचएफ ने कैनबरा में उनके रहने के लिये सारे भुगतान कर दिए हैं।’ हालांकि, हकीकत इसके बिल्कुल उलट निकली। जब टीम होटल पहुंची, तो वहां उनके नाम की कोई बुकिंग मौजूद नहीं थी।
आराम करने तक की नहीं थी जगह
समय के अंतर के कारण मुख्य कोच ताहिर जमान तुरंत अधिकारियों से संपर्क नहीं कर पाए। सूत्र के अनुसार, ‘ताहिर ने उन्हें इस स्थिति के बारे में बताया कि लाहौर से लंबा सफर करके आये खिलाड़ियों के पास आराम करने की कोई जगह नहीं है।’
अंत में कुछ स्थानीय पाकिस्तानी प्रवासियों की मदद से स्थिति को संभाला गया। होटल प्रबंधन ने कुछ कमरे उपलब्ध कराए, जहां एक-एक कमरे में दो से तीन खिलाड़ियों को रुकना पड़ा। उचित आराम न मिल पाने का असर मैदान पर भी दिखा, जहां पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा।
अनुशासनहीनता और आर्थिक तंगी
यह पहली बार नहीं है जब टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले अर्जेंटीना में भी खिलाड़ियों को उनका दैनिक भत्ता नहीं दिया गया था। इसके अलावा, टीम बिना मैनेजर के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है क्योंकि पूर्व ओलंपियन और मैनेजर अंजुम सईद को फ्लाइट में सिगरेट पीने और सुरक्षा अधिकारियों से बदतमीजी करने के कारण बर्खास्त कर दिया गया था।













