डायरेक्टर प्रशांत नील ने यश की फिल्म ‘केजीएफ’ फ्रैंचाइजी से जबरदस्त फैन फॉलोइंग हासिल की। ‘केजीएफ’ सीरीज की सफलता के बाद उन्होंने प्रभास को लीड रोल में लेकर ‘सालार: पार्ट 1 – सीजफायर’ का निर्देशन किया।
‘सालार: पार्ट 1’ बॉक्स ऑफिस पर हिट
होम्बले फिल्म्स की बनाई इस फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन, श्रुति हासन, जगपति बाबू, बॉबी सिम्हा और श्रेया रेड्डी ने भी अहम रोल प्ले किया। संगीत रवि बसुर ने तैयार किया था। फिल्म दिसंबर 2023 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। बॉक्स ऑफिस पर इसने जबरदस्त सफलता हासिल की और बॉक्स ऑफिस पर दुनियाभर में 617.75 करोड़ की कमाई की थी। वहीं, इसने देश में 406.45 करोड़ का कलेक्शन किया था। लेकिन समीक्षकों से इसे मिले-जुले रिएक्शन मिले थे।
‘सालार’ की कहानी
‘सालार: पार्ट 1‘ एक काल्पनिक शहर-राज्य खानसार की कहानी है, जहां राजशाही अभी भी कायम है। खानसार के निर्वासित राजकुमार देवा (प्रभास) और खानसार के फिलहाल के राजकुमार वरधा (पृथ्वीराज सुकुमारन) की दोस्ती फिल्म का बेस है। जब उसके पिता के मंत्रियों और रिश्तेदारों द्वारा तख्तापलट की प्लानिंग की जाती है, तो वरधा खानसार का शासक बनने के लिए देवा की मदद लेता है।
‘सालार’ ने बनाया OTT पर रिकॉर्ड
बाद में यह फिल्म तेलुगू, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी में ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई, जहां इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। यह प्लेटफॉर्म की ट्रेंडिंग लिस्ट में लगभग 366 दिनों तक बनी रही। फिल्म की ओटीटी पर मिली सफलता के बाद, प्रभास ने सोशल मीडिया पर अपने फैंस को धन्यवाद दिया और अपनी खुशी शेयर की। फिल्म के दूसरे पार्ट पर काम चल रहा है और इसका निर्देशन भी प्रशांत नील ही कर रहे हैं।
‘सालार: पार्ट 2’ कब आएगी?
2024 में, प्रभास ने ‘सालार: पार्ट 2 – शौर्यंगा पर्वम’ नाम के सीक्वल की शूटिंग शुरू की। फिल्म का निर्देशन प्रशांत नील कर रहे हैं और इसमें प्रभास पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ फिर से लीड रोल में नजर आएंगे। बाकी कलाकारों और सीक्वल की कहानी के बारे में अभी तक कोई जानकारी गुप्त रखी गई है। इसके अलावा, फिल्ममेकर्स ने अभी तक रिलीज की तारीख की घोषणा नहीं की है।
प्रभास की अगली फिल्म ‘स्पिरिट’
प्रभास की हालिया फिल्म ‘द राजा साहब’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म नहीं कर पाई। अब वे संदीप रेड्डी वांगा की निर्देशित फिल्म ‘स्पिरिट’ में नजर आएंगे। इसके बाद प्रशांत नील के साथ एक बार फिर से काम करने की उम्मीद है।













