अभिषेक नेट प्रैक्टिस से नहीं थे खुश
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, अभिषेक सुपर 8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले जैसे ही नेट्स में बल्लेबाजी करने आए तो हर किसी का ध्यान उन्हीं के ऊपर था। कप्तान सूर्यकुमार यादव कोच गौतम गंभीर और पूरा स्टाफ नेट पर टकटकी लगाए बैठा था। हालांकि, यह सेशन केवल 20 मिनट तक चला। रिपोर्ट में बताया गया है कि कुछ शॉट्स पर उन्होंने सटीक प्रहार किया, लेकिन वापस लौटते समय वे संतुष्ट नहीं दिखे। जिससे एक बात साफ नजर आ रही है कि अभिषेक पर उनकी खराब फॉर्म फिलहाल तो हावी है।
सूर्यकुमार यादव को है भरोसा
अभिषेक के खराब प्रदर्शन के बावजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव उनके बचाव में मजबूती से खड़े नजर आए। सूर्या ने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा, ‘जो लोग अभिषेक के फॉर्म को लेकर चिंतित हैं, मुझे उनकी चिंता हो रही है। आप सबने देखा है कि जब वह अपनी लय में होते हैं तो क्या होता है। यह एक टीम स्पोर्ट है और उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। हमारी टीम की जरूरत है कि वह अपनी पहचान के साथ खेलें। पिछले साल उन्होंने हमारे लिए कई मैच जिताए थे अब हमारी बारी है कि हम उनके खराब समय में उनका साथ दें।’
खराब रहा है टी20 वर्ल्ड कप
पिछले 15 महीनों में 200 के करीब स्ट्राइक रेट से गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने वाले अभिषेक शर्मा के लिए यह टूर्नामेंट किसी बुरे सपने जैसा रहा है। इसके बावजूद, टीम मैनेजमेंट के रुख से साफ है कि उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर नहीं किया जाएगा। टीम को उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले में अभिषेक अपनी खोई हुई लय हासिल कर लेंगे और भारत को तूफानी शुरुआत देंगे।













