मीर यार ने अपने एक्स पर भारतीय जनता पार्टी के संस्थापकों में शामिल वाजपेयी का फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘आज 25 दिसंबर 2025 को बलूचिस्तान गणराज्य के लोग दुनियाभर के लाखों लोगों के साथ मिलकर अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मना रहे हैं। वह एक ऐसे राजनेता थे, जिनका जीवन ईमानदारी, शालीनता और अपने देश के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से परिभाषित था।’
हमेशा जिंदा रहेंगे वाजपेयी
मीर यार ने आगे लिखा कि अटल बिहारी वाजपेयी सच बोलते थे, ईमानदारी से काम करते थे और राजनीति को एक कवि की आत्मा की गरिमा के साथ निभाते थे। दोस्तों और विरोधियों के साथ समान रूप से काम करने की उनकी क्षमता ने उन्हें सार्वजनिक जीवन में एक दुर्लभ व्यक्ति बनाया। उनका सम्मान सिर्फ शक्ति के लिए नहीं बल्कि चरित्र, विनम्रता और नैतिक शक्ति के लिए किया जाता था।
मीर यार बलूच ने अपने पोस्ट के आखिर में कहा, ‘वाजपेयी के जन्मदिन पर बलूचिस्तान गणराज्य के लोग उनकी स्थायी विरासत का सम्मान करते हैं। यह इस बात की याद दिलाता है कि महान नेता कभी सच में खत्म नहीं होते। उनके मूल्य पीढ़ियों को राह दिखाते रहते हैं। वह इतिहास में विवेक, ज्ञान, ईमानदारी और साहस से भरे भविष्य की आशा में जीवित रहते हैं।
तीन बार पीएम रहे वाजपेयी
अटल बिहारी वाजपेयी भारत के जानेमाने राजनेताओं में से एक नाम हैं। वाजपेयी राजनीति के क्षेत्र में करीब पांच दशकों तक सक्रिय रहे। वह लोकसभा में नौ बार और राज्यसभा में दो बार सांसद चुने गए। अटल बिहारी वाजपेयी 1980 में गठित भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष थे।
अटल बिहारी वाजपेयी 1996 से 2004 तक तीन दफा देश के प्रधानमंत्री बने। पीएम के अलावा वाजपेयी विदेश मंत्री, संसद की कई अलग-अलग महत्वपूर्ण स्थायी समितियों के अध्यक्ष और विपक्ष के नेता भी रहे। वाजपेयी को साल 2015 में सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।















