राष्ट्रपति के साथ साये की तरह रहते हैं मेजर ऋषभ सिंह
कई बार मेजर ऋषभ सिंह को राष्ट्रपति मुर्मू को रूमाल देते, बारिश में उनके लिए छाता थामे नजर आते हैं। इस तरह की कई फोटो और वीडियो वायरल हैं। मेजर ऋषभ सिंह जिस तरह राष्ट्रपति के साथ साये की तरह बने रहते हैं, उसकी सोशल मीडिया पर काफी तारीफ की जा रही है। वहीं बताते हैं कि राष्ट्रपति भी उन्हें बेटे की तरह मानती हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियोज वायरल है जिनमें मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल राष्ट्रपति की मदद करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह भी चर्चा हो रही है कि आखिर मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल कौन हैं।
जान लीजिए कौन हैं मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल?
मेजर ऋषभ सिंह सांब्याल जम्मू के डोगरा परिवार से आते हैं। वह पहली बार 2021 में सुर्खियों में आए थे, जब वह जाट रेजिमेंट में कैप्टन के पद पर तैनात थे। उस साल उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड में अपनी टुकड़ी का नेतृत्व किया था, जिसे बेस्ट मार्चिंग कंटिंजेंट ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रपति के ADC की जिम्मेदारी क्या होती है?
फिलहाव वह राष्ट्रपति के ADC के रूप में तैनात हैं, जो भारतीय सेना के अधिकारियों के लिए सबसे प्रतिष्ठित जिम्मेदारियों में से एक मानी जाती है। ADC का काम राष्ट्रपति, राज्यपाल या वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के निजी सहायक के रूप में होता है। इस भूमिका में अनुशासन, प्रोटोकॉल की गहरी समझ और हर समय सतर्क रहना बेहद जरूरी होता है। ADC के तौर पर मेजर सांब्याल राष्ट्रपति के कार्यक्रमों का मैनेजमेंट करते हैं। राष्ट्रपति की यात्राओं और आधिकारिक आयोजनों का कॉर्डिनेशन भी करते हैं और सुरक्षा व प्रोटोकॉल से जुड़े सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करते हैं। वह राष्ट्रपति और विभिन्न विभागों के बीच संपर्क की कड़ी के रूप में भी काम करते हैं। वह अहम समारोहों में हमेशा मौजूद रहते हैं।















