Ikkis (January 1)
श्रीराम राघवन के डायरेक्शन में बनी ‘इक्कीस‘, सिनेमाघरों में 1 जनवरी 2026 को रिलीज हो चुकी है। यह एक बायोपिक वॉर ड्रामा फिल्म है, जो शहीद सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है। साल 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान बसंतर की लड़ाई में अरुण खेत्रपाल शहादत को प्राप्त हुए थे। वह तब महज 21 साल के थे। उनकी बहादुरी को देखते हुए मरणोपरांत उन्हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था। ‘इक्कीस’ को दिनेश विजान और बिन्नी पड्डा ने प्रोड्यूस किया है। यह ‘द आर्चीज’ के बाद अगस्त्य नंदा की दूसरी फिल्म है। जबकि बड़े पर्दे पर यह उनकी पहली फिल्म है। दिवंगत धर्मेंद्र की यह आखिरी फिल्म। साथ में जयदीप अहलावत भी हैं। अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया इस फिल्म से डेब्यू कर रही हैं।
Laalo – Krishna Sada Sahaayate (January 9)
‘लालो – श्री कृष्ण सदा सहायते‘ मूल रूप से एक गुजारती फिल्म है, जो सिनेमाघरों में हिंदी में भी रिलीज हो रही है। यह एक भक्ति ड्रामा है, जिसे अंकित सखिया ने डायरेक्ट किया है। कृषांश वाजा, विक्की पूर्णिमा और अंकित सखिया ने इसकी कहानी लिखी है। फिल्म में रीवा राछ, श्रुहद गोस्वामी, करण जोशी, मिष्टी कदेचा प्रमुख भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म वैसे तो 10 अक्टूबर 2025 को गुजराती में रिलीज हो चुकी है। लेकिन अब 9 जनवरी 2026 को इसे हिंदी-डब वर्जन में रिलीज किया जा रहा है। कहानी एक फार्महाउस में फंसे एक रिक्शा ड्राइवर की है, जिसे भगवान कृष्ण के दर्शन होते हैं। वह गरीबी और अपने अतीत के डर से घिरा हुआ है। भगवान के दर्शन के बाद वह आत्म-खोज की राह पर आगे बढ़ता है।
The Raja Saab (January 9)
भारतीय सिनेमा के ‘बाहुबली’ एक्टर प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब‘ का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। यह मूल रूप से तेलुगू में बनी हॉरर कॉमेडी एक्शन फैंटेसी फिल्म है। इसके राइटर और डायरेक्टर मारुति हैं। फिल्म में प्रभास के साथ संजय दत्त, निधि अग्रवाल, मालविका मोहनन, रिद्धि कुमार और जरीना वहाब भी हैं। कहानी एक ऐसे नौजवान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पैसों की तंगी से निकलने के लिए अपनी पुश्तैनी महल पर नजर गड़ाता है। लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि उस महल में उसके दुष्ट दादा की आत्मा बसती है। फिल्म में बोमन ईरानी भी हैं, जो प्रभास की अपने दादा को परास्त करने में मदद करते हैं।
Jana Nayagan (January 9)
तमिल फिल्मों के सुपरस्टार थलपति विजय की ‘जन नायकन‘ को हिंदी में ‘जन नेता’ के नाम से रिलीज किया जा रहा है। विजय अब असल जिंदगी में अपने राजनीतिक करियर पर फोकस कर रहे हैं, लिहाजा यह उनके एक्टिंग करियर की आखिरी फिल्म है। जाहिर तौर पर, ऐसे में इस फिल्म के लिए उनके करोड़ों फैंस में जबरदस्त क्रेज है। यह एक पॉलिटिकल एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसे एच. विनोद ने डायरेक्ट किया है। विजय के साथ फिल्म में पूजा हेगड़े और बॉबी देओल लीड रोल में हैं। जबकि मामिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, नारायण और प्रियामणि भी हैं। कहानी एक पूर्व पुलिस अफसर की है, जो शांति की जिंदगी जी रहा है। लेकिन अपने आसपास अन्याय होते देख वह सड़क पर मूकदर्शक बनने की बजाय आवाज उठाता है। देखते ही देखते वह लोकल लोगों का लीडर बन जाता है। उसे ना चाहते हुए राजनीति में कदम रखना पड़ता है और यहां से सत्ता संघर्ष, गैंग वॉर की शुरुआत होती है।
Rahu Ketu (January 16)
‘राहु केतु‘ एक कॉमेडी फिल्म है, जिसे विपुल विग ने लिखा और डायरेक्ट किया है। इसमें पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा, शालिनी पांडे और चंकी पांडे प्रमुख भूमिकाओं में हैं। कहानी राहु और केतु, नाम के दो नासमझ लेकिन प्यारे लड़कों की है। दोनों एक चालाक लड़की से एक जादुई नोटबुक पाने के मिशन पर निकले हैं, लेकिन इस चक्कर में वो ड्रग माफिया से लड़ते हैं और अपनी काबिलियत को पहचानते हैं। कहानी में किस्मत की उथल-पुथल और ज्योतिषीय थीम को एक मॉडर्न एडवेंचर के साथ मिलाया गया है। कहानी ब्रह्मांडीय असंतुलन और जिंदगी के अप्रत्याशित मोड़ को दिखाती है, जो वैदिक ज्योतिष के ‘छाया ग्रहों’ से प्रेरित है। यह इच्छा (राहु) और वैराग्य (केतु) के बीच के अंतर पर फोकस करती है।
Happy Patel: Khatarnak Jasoos (January 16)
वीर दास के डायरेक्शन में बनी ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस‘ एक डार्क कॉमेडी फिल्म है। वीर दास जहां इस फिल्म ने डायरेक्शन में डेब्यू कर रहे हैं, वहीं इसमें लीड रोल भी निभा रहे हैं। फिल्म में वह एक ऐसे इंसान के रोल में हैं, जो इंटरनेशनल जासूस बनना चाहता है। वह मूल रूप से भारतीय है। कवि शास्त्री इसके को-डायरेक्टर और अमोघ रानाडे इसके को-राइटर हैं। कहानी अजीब हरकतें करने वाले हैप्पी पटेल की है, जो जासूसी के फेर में गोवा पुलिस के साथ झड़प, लोकल गैंग और रोमांटिक एंगल, तीनों में उलझा हुआ है। फिल्म में मिथिला पालकर हैं, जो कहानी में गर्माहट और ह्यूमर जोड़ती हैं। इसके अलावा मोना सिंह, शारिब हाशमी और रैपर से एक्टर बनीं सृष्टि तावड़े भी हैं। फिल्म की सबसे बड़ी हाइलाइट्स में से एक है ‘जाने तू… या जाने ना’ फेम इमरान खान की बड़े पर्दे पर वापसी। यही नहीं, इसमें आमिर खान का कैमियो भी है।
Mayasabha (January 16)
राही अनिल बर्वे के डायरेक्शन में बनी ‘मायासभा’ एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है। फिल्म में जावेद जाफरी, मोहम्मद समद और वीणा जामकर हैं। कहानी एक थिएटर मालिक की है, जो अब अपने लगभग सड़ चुके सिनेमाघर में रह रहा है। लोगों का एक ग्रुप है, जो इस वीरान थिएटर में पहुंचता है, जहां उनका सामना भ्रम की एक ऐसी दुनिया से होता है, जहां सच और झूठ की सीमाएं खत्म हो जाती हैं।
One Two Cha Cha Chaa (January 16)
‘वन टू चा चा चा’ के डायरेक्टर अभिषेक राज खेमका और रजनीश ठाकुर हैं। यह एक कॉमेडी थ्रिलर फिल्म है, जिसमें आशुतोष राणा, ललित प्रभाकर, अनंत वी जोशी, अभिमन्यु सिंह, मुकेश तिवारी, हर्ष मायर और न्यारा बनर्जी हैं। कहानी ऐसे किरदारों के एक ग्रुप के इर्द-गिर्द घूमती है जो मजेदार और अफरा-तफरी वाली स्थितियों में फंसे हुए हैं। कहानी के दो मुख्य किरदार एक रहस्यमयी बैग पहुंचाने के मिशन पर हैं। लेकिन यह सफर इतना आसान भी नहीं है।
Bihu Attack (January 16)
सुज़ाद इकबाल खान के डायरेक्शन में बनी ‘बिहू अटैक’ एक आर्मी अफसर की कहानी है, जो असम में बिहू त्योहार के दौरान एक आतंकी साजिश को रोकने की कोशिश कर रहा है। यह फिल्म एक्शन, बहादुरी और मासूम लोगों को बचाने की लड़ाई है। फिल्म में देव मेनारिया, डेजी शाह, अरबाज खान, राहुल देव, डिंपू बरुआ, युक्ति कपूर, हितेन तेजवानी, जीत रायदत्त और राहुल पटेल प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
28 Years later: The Bone Temple (January 16)
’28 इयर्स लेटर: द बोन टेम्पल’ हॉलीवुड की पोस्ट-एपोकैलिप्टिक हॉरर फिल्म है, जिसे निया डकोस्टा ने डायरेक्ट किया है। एलेक्स गारलैंड ने इसकी कहानी लिखी है। पिछली फिल्म ’28 इयर्स लेटर’ (2025) के साथ इसे बैक-टू-बैक शूट किया गया था। यह ’28 डेज लेटर’ फिल्म सीरीज की चौथी किस्त है। इसमें राल्फ फिएन्स, जैक ओ’कोनेल, अल्फी विलियम्स, एरिन केलीमैन और ची लुईस-पैरी ने काम किया है। कहानी पिछली फिल्म की घटनाओं के बाद की है। स्पाइक को सर जिमी क्रिस्टल के हत्यारों की गैंग में शामिल किया जाता है, जो रेज वायरस से तबाह पोस्ट-एपोकैलिप्टिक ब्रिटेन में है। इस बीच, डॉ. इयान केल्सन एक नया रिश्ता बनाते हैं, जिसके परिणाम दुनिया बदल सकते हैं। यह फिल्म अंग्रेजी के साथ ही हिंदी में भी रिलीज होगी।
Chatha Pacha: The Ring of Rowdies (January 22)
‘चथा पचा: द रिंग ऑफ रोडीज’ मूल रूप से एक मलयालम एक्शन-कॉमेडी फिल्म है। इसे अध्वैत नायर ने डायरेक्ट किया है। फिल्म में अर्जुन अशोकन, रोशन मैथ्यू, विशक नायर और ईशान शौकत के साथ सिद्दीकी और लक्ष्मी मेनन भी हैं। ममूटी ने इसमें कैमियो किया है। कहानी फोर्ट कोच्चि में कुछ अजीब लोगों की है, जो मिलकर एक रेसलिंग क्लब बनाते हैं। यहां दुश्मनी और मजेदार लड़ाइयों के साथ, बड़ी चुनौतियों का सामना भी किया जा रहा है। कहानी सर्वाइवल की कॉमेडी में बदल जाती है।
Border 2 (January 23)
‘बॉर्डर 2‘ साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से है। यह 1997 में रिलीज डायरेक्टर जेपी दत्ता की एपिक एक्शन वॉर फिल्म का सीक्वल है। ‘बॉर्डर’ ने तब बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचा था। अब ‘बॉर्डर 2’ के राइटर-डायरेक्टर अनुराग सिंह हैं। इसे जेपी दत्ता और उनकी बेटी निधि दत्ता ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में सनी देओल के साथ इस बार वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिका में हैं। सपोर्टिंग कास्ट में मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा राणा भी हैं। यह 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारतीय सैनिकों की अनकही कहानियों और बलिदानों पर फोकस करती है।
Human Cocaine (January 30)
सारिम मोमिन के डायरेक्शन में बनी ‘ह्यूमन कोकेन’ एक थ्रिलर हिंदी फिल्म है। कहानी अर्जुन नाम के एक कैब ड्राइवर की है। उसे एक दूर की जगह पर एक छोटा पार्सल पहुंचाने का काम मिलता है। लेकिन इस सफर में थोड़ी देर बाद भी उसे एहसास होता है कि उसकी जान खतरे में है। फिल्म में सिद्धांत कपूर, पुष्कर जोग, जाकिर हुसैन और इशिता राज प्रमुख भूमिकाओं में हैं।













