प्रोसिक्यूटर जनरल बीट्रेस पिलौड ने अपने बयान में कहा, ‘यह घटना क्यों और कैसे हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल इसे आग लगने की घटना माना जा रहा है। इसमें किसी तरह के हमले का कोई सवाल नहीं है। पीड़ितों की पहचान की जा रही है और जल्द से जल्द परिवारों को शव सौंपे जाएंगे।’
राहत-बचाव का काम जारी
स्विट्जरलैंड पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि करीब 100 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकतर की हालत गंभीर है। स्विट्जरलैंड पुलिस ने बताया कि पीड़ितों में अलग-अलग देशों के नागरिक भी शामिल हैं। यानी मरने वालों में विदेशी भी हैं। स्थानीय प्रशासन ने बताया है कि बचाव कार्य बड़े पैमाने पर जारी है।
राहत और बचाव में 10 हेलीकॉप्टर, 40 एंबुलेंस और 150 लोगों को तैनात किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह धमाका स्थानीय समयानुसार रात 01:30 बजे कॉन्स्टेलेशन बार में हुआ। क्षेत्रीय कांउसलर मैथियास रेनार्ड के अनुसार, घायलों की संख्या इतनी अधिक थी कि क्षेत्रीय अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई और ऑपरेशन थिएटर जल्दी ही पूरी तरह से भर गए।
क्यों खास है ये जगह
स्विट्जरलैंड की सबसे खास जगहों में से एक क्रैन्स-मोंटाना रोन वैली में दक्षिण की ओर वाले पठार पर स्थित है। यह इलाका समुद्र तल से 1,500 मीटर ऊपर मैटरहॉर्न से लेकर यूरोप की सबसे ऊंची चोटियों में से एक मोंट ब्लांक तक फैला है। यहां स्काई डाइविंग, गोल्फ और पिकनिक के लिए बड़ी संख्या में विदेशी आते हैं।












