यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने वेनेजुएला के प्रेसिडेंट निकोलस मादुरो के पकड़े जाने के बाद काफी अलग सी टिप्पणी की है। इसमें उन्होंने कहा है कि वॉशिंगटन को अच्छे से पता है कि तानाशाहों से निपटने के लिए क्या करना है। हम समझते हैं कि अमेरिका अगली कार्रवाई के बारे में खुद जानता है।
बिना नाम लिए कमेंट
जेलेंस्की ने अपने कमेंट में किसी नेता का नाम नहीं लिया है। रूस या राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का जिक्र जेलेंस्की की टिप्पणी में नहीं है। हालांकि उनका संकेत साफ है कि वह अमेरिका को ये इशारा कर रहे हैं कि रूस के राष्ट्रपति के खिलाफ भी अभियान चलाया जाए। जेलेंस्की लगातार पुतिन पर आक्रामक रहे हैं।
यूरोपीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की एक बैठक में जेलेंस्की से वेनेजुएला में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देने के लिए कहा गया। इस पर उन्होंने जवाब दिया, ‘मुझे इस पर कैसे प्रतिक्रिया देनी चाहिए, मैं क्या कह सकता हूं? अगर तानाशाहों से इस तरह निपटना संभव है तो फिर अमेरिका जानता है कि आगे क्या करना है।’
वेनेजुएला मुद्दे पर भड़का रूस
अमेरिकी सेना ने 3 जनवरी की सुबह वेनेजुएला की राजधानी काराकास पर हमला किया। बड़े पैमाने पर अटैक करते हुए अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया। दोनों को अमेरिका लाया गया है, जहां उन पर न्यूयॉर्क की एक अदालत में ड्रग्स तस्करी का मुकदमा चलेगा।
मादुरो की गिरफ्तारी की रूस ने कड़ी आलोचना की है। रूसी विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी नेतृत्व से अपनी स्थिति पर पुनर्विचार करने और एक संप्रभु देश के वैध रूप से चुने गए राष्ट्रपति और उनकी पत्नी को रिहा करने के लिए कहा है। रूस ने कहा है कि किसी देश पर इस तरह से हमले का समर्थन नहीं किया जा सकता है।













