गेंद लगने के बाद छक्का उड़ाया
शॉट गेंद के खिलाफ श्रेयस अय्यर पहले काफी जूझते थे। अब पटकी हुई गेंद के खिलाफ उन्होंने अपना खेल काफी मजबूत कर लिया है। हालांकि कई बार ऐसी गेंद खेलने में बल्लेबाजों को परेशानी होती है। पंजाब के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में अय्यर को क्रीज पर आते ही पहली गेंद पटकी हुई मिली। गुरनूर बरार की गेंद सीधे उनके हेटमेट पर आकर लगी। फिजियो ने मैदान पर आकर अय्यर को चेक किया और खेल कुछ देर के लिए रुका रहा।
लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर ने अगली गेंद भी पटकी हुई फेंकी। इस बार श्रेयस अय्यर तैयार थे। उन्होंने गेंद को पुल कर दिया। यह स्क्वायर लेग के ऊपर से छक्के के लिए बाउंड्री लाइन के बाहर चली गई। पंजाब किंग्स ने इस घटना का वीडियो शेयर किया है। फ्रेंचाइजी ने कैप्शन में लिखा- ऑफिशियल ‘ये वाली मुझे नहीं दिखी, अगली तुझे नहीं दिखेगी’ मोमेंट।
मुंबई को एक रन से मिली हार
मुंबई को पंजाब के खिलाफ इस मुकाबले में एक रन से हार मिली। पहले खेलते हुए पंजाब की पारी 46वें ओवर में 216 रनों पर सिमट गई। रमनदीप सिंह ने 72 जबकि अनमोलप्रीत सिंह ने 57 रनों की पारी खेली। मुशीर खान ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया। मुंबई ने जवाब में विस्फोटक बैटिंग की। टीम जीत के करीब थी लेकिन 27वें ओवर में 215 रनों पर ऑलआउट हो गई। सरफराज खान ने सिर्फ 20 गेंद पर 62 रन बनाए। श्रेयस अय्यर ने 45 रनों की पारी खेली। तीन रन पर मुंबई के आखिरी तीन विकेट गिर गए और टीम को हार झेलनी पड़ी।













