सप्ताह की शुरुआत
सप्ताह की शुरुआत अंतर्दृष्टि के तीव्र होने से होगी। आप लोगों के शब्दों से अधिक उनके भाव पढ़ पाएंगे। यह संवेदनशीलता आपको एक ओर गहराई देगी, तो दूसरी ओर भावनात्मक थकान भी। जीवनसाथी या किसी अत्यंत निकट व्यक्ति की मानसिक बेचैनी आपको भीतर तक विचलित कर सकती है। उनके चेहरे की चुप्पी आपके भीतर शोर पैदा करेगी। ऐसे में समाधान खोजने से अधिक आवश्यक है उन्हें सुना जाना। आपकी यही क्षमता इस सप्ताह रिश्तों को टूटने से बचाएगी।
स्वास्थ्य की दृष्टि से यह सप्ताह चेतावनी देता है। पैरों, कंधों और गर्दन से जुड़ी समस्याएं उभर सकती हैं। यह केवल शारीरिक श्रम का परिणाम नहीं होगा, बल्कि लंबे समय से दबे मानसिक तनाव का भी संकेत है। नींद पूरी न होना, बेचैनी या बार-बार विचारों का लौट आना आपको थका सकता है। यदि समय रहते दिनचर्या में संतुलन नहीं बनाया गया, तो यह थकान आगे चलकर निर्णय क्षमता को प्रभावित कर सकती है।
कार्य क्षेत्र में आपकी योग्यता और कर्मठता की सराहना होगी। किसी वरिष्ठ अधिकारी या अनुभवी व्यक्ति से अप्रत्याशित सहयोग प्राप्त हो सकता है। सरकार अथवा किसी आधिकारिक संस्था से जुड़ा कार्य आगे बढ़ेगा। हालांकि इस प्रशंसा के साथ ही किसी सहकर्मी या प्रतिद्वंदी की क्षणिक ईर्ष्या भी सामने आ सकती है। ध्यान रखें कि इस सप्ताह आपकी छवि अत्यंत संवेदनशील है। किसी की कही अधूरी बात को लोग अपने अर्थों में ढाल सकते हैं। इसलिए बोलने से पहले शब्दों को तौलना आवश्यक होगा।
सप्ताह का मध्य भाग
सप्ताह के मध्य में परिस्थितियां धीरे धीरे आपके पक्ष में झुकती दिखाई देंगी। आमदनी में वृद्धि के संकेत मिलते हैं। कोई रुका हुआ भुगतान या लाभ मिलने की संभावना बनेगी। उच्च पदस्थ लोगों के सानिध्य से अकस्मात लाभ का मार्ग खुलेगा। आपकी किसी पहल को विरोधी भी सम्मान की दृष्टि से देखेंगे। यह समय आत्मविश्वास को पुनः स्थापित करने का है।
जीवनसाथी या प्रिय व्यक्ति की यात्रा के कारण भौतिक दूरी संभव है, किंतु भावनात्मक निकटता बनी रहेगी। दूर रहते हुए भी उनका सहयोग आपको संबल देगा। यह अनुभव आपको सिखाएगा कि दूरी हमेशा दूरी नहीं होती, कभी कभी वही रिश्तों को और गहरा कर देती है। हालांकि किसी अपने के दोहरे व्यवहार से मन आहत हो सकता है। किसी बात को लेकर आपसे प्रश्न उठाए जा सकते हैं या आपकी निष्ठा पर उंगली उठ सकती है। ऐसे समय में प्रतिक्रिया देने के बजाय मौन आपकी सबसे बड़ी शक्ति बनेगा।
शिक्षा और करियर को लेकर इस सप्ताह आपकी चिंता वास्तविक से अधिक होगी। कुछ बातें जो अभी अर्थहीन हैं, वही आपको व्याकुल करेंगी। आलस्य के कारण पढ़ाई या शोध से मन उचाट हो सकता है। स्वयं पर कठोर होने से बचें। यह समय खुद को दोष देने का नहीं, बल्कि दिशा सुधारने का है। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह इस समय अमृत समान सिद्ध होगी।
सप्ताह का अंतिम भाग
सप्ताहांत आते आते परिस्थितियां फिर से चुनौती पूर्ण प्रतीत हो सकती हैं। किसी अन्य की भूल का भार आपको उठाना पड़ सकता है। विरोधियों के कारण मानसिक उलझन बढ़ेगी। यात्रा का योग बनता है, जो थकान के साथ साथ नए अनुभव भी देगा। किसी नए उद्यम या कार्य की शुरुआत से पहले व्यापक चिंतन आवश्यक होगा। जल्दबाजी से किया गया निर्णय समय और धन दोनों की हानि कर सकता है।
इस सप्ताह भय की भावना भी उभरेगी। यह भय किसी वास्तविक संकट से अधिक उस आशंका का परिणाम होगा जो आपके मन ने स्वयं रची है। ध्यान रखें कि किसी परेशानी से अधिक कष्ट उसका डर देता है। कार्यक्षेत्र में आपकी निपुणता बढ़ेगी, पर अधिक चतुराई नुकसान का कारण बन सकती है। सुने अधिक, भाषण कम दें। यह नीति आपको प्रतिष्ठा और सम्मान दोनों दिलाएगी।
सप्ताह के अंतिम दिनों में आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि के संकेत हैं। यदि धैर्य रखा गया, तो यह सप्ताह आपको भीतर से अधिक सुदृढ़ बना देगा। जीवनसाथी की बेचैनी फिर मन को प्रभावित कर सकती है, पर इस बार आप उसे समझने की स्थिति में होंगे, न कि उससे लड़ने की। यह परिपक्वता ही इस सप्ताह की सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
शुभ रंग- केसरिया
शुभ अंक- 3, 9













