बीजेपी पूरे देश में लोगों की पहली पसंद
रविवार को पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, ‘आज बीजेपी पूरे देश में लोगों की पहली पसंद बन गई है। बीते एक-डेढ़ वर्षों से बीजेपी पर देश का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में बिहार में चुनाव हुए। वहां 20 वर्ष बाद भी जनता ने बीजेपी को रिकॉर्ड वोट दिए हैं। रिकॉर्ड सीटें जिताई हैं। दो दिन पहले ही महाराष्ट्र के बड़े शहरों में मेयर और पार्षदों के चुनाव परिणाम आए हैं। मुंबई जो दुनिया के सबसे बड़े निगमों में से एक है, वहां की जनता ने पहली बार बीजेपी को रिकॉर्ड जनादेश दिया। जीत मुंबई में हो रही है, जश्न काजीरंगा में मनाया जा रहा है। महाराष्ट्र के अधिकतर शहरों की जनता ने बीजेपी को सेवा का अवसर दिया है।’
वोटर का विकास और विरासत पर फोकस, इसलिए बीजेपी पसंद: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बीते कुछ समय में जितने भी चुनाव परिणाम आए हैं, उनका जनादेश स्पष्ट है। देश का वोटर आज गुड गवर्नेंस चाहता है, विकास चाहता है, वो विकास और विरासत दोनों पर फोकस करता है। इसलिए वो बीजेपी को पसंद करता है। इन चुनावों का एक और संदेश है।
कांग्रेस की नकारात्मक राजनीतिक को देश ने नकारा
कांग्रेस पर हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को देश लगातार नकार रहा है। जिस मुंबई शहर में कांग्रेस का जन्म हुआ था वहां वो आज चौथे या पांचवें नंबर की पार्टी बन गई है। जिस महाराष्ट्र पर कांग्रेस ने सालों तक शासन किया, वहां कांग्रेस पूरी तरह सिमट गई है। कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है क्योंकि कांग्रेस के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। ऐसी कांग्रेस कभी असम का काजीरंगा का भला नहीं कर सकती है।’
नॉर्थ ईस्ट की सबसे बड़ी पीड़ा दूरी की रही: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘नॉर्थ ईस्ट की सबसे बड़ी पीड़ा हमेशा दूरी की रही है। दूरी दिलों की, दूरी स्थानों की। दशकों तक यहां के लोगों को ये महसूस होता रहा कि देश का विकास कहीं और हो रहा है और वे पीछे छूट रहे हैं। इसका असर केवल अर्थव्यवस्था पर नहीं पड़ा बल्कि भरोसे पर भी पड़ा। इस भावना को बदलने का काम बीजेपी ने किया।
नॉर्थ ईस्ट को डबल इंजन सरकार ने दी प्राथमिकता: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, डबल इंजन की सरकार ने नॉर्थ ईस्ट के विकास को प्राथमिकता बनाया। रोडवेज, रेलवे, एयरवेज और वाटरवेज के माध्यम से असम को जोड़ने का काम एक साथ शुरू हुआ, लेकिन कांग्रेस ने कभी इसकी परवाह नहीं की। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो असम को बहुत कम रेल बजट मिलता था। लगभग 2000 करोड़ रुपये। अब बीजेपी सरकार ने इसे बढ़ाकर लगभग 10,000 करोड़ रुपये सालाना कर दिया गया है।













