ईमान और उनके पति को पाकिस्तान सरकार की आलोचना करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट के लिए जेल भेजा गया है। प्रतिष्ठित परिवार से आने वाली ईमान मजारी मानवाधिकार वकील हैं, जबकि उनके पति चट्टा एडवोकेट हैं। ईमान की मां शिरीन मजारी ने कहा है कि यह गिरफ्तारी दिखाती है कि देश में फासीवाद अपने चरम पर है। इस घटना के बाद लोग ईमान मजारी के बारे में जानना चाह रहे हैं।
ईमान मजारी कौन हैं?
ईमान मजारी 32 साल की मानवाधिकार वकील है। उनकी मां डॉक्टर शिरीन राजनीति का जाना पहचाना चेहरा हैं। वह इमरान खान की सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। उनके पिता देश के शीर्ष बाल रोग विशेषज्ञ रहे हैं। ईमान ने यूके में एडिनबर्ग विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की है। ईमान ने 2023 में हादी अली चट्टा से शादी की थी।
ईमान नागरिक और राजनीतिक अधिकारों के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती हैं। उन्होंन बलूच लोगों के जबरन गायब होने से जुड़े मामले उठाए हैं।बलूच कार्यकर्ता महरंग बलूच का बचाव उन्होंने किया है। पत्रकारों, अल्पसंख्यकों, ईशनिंदा के आरोपियों और अधिकारियों की कार्रवाई का सामना कर रहे अफगानों के केस वह लड़ती रही हैं।
हालिया गिरफ्तारी और सजा
ईमान और हादी को शुक्रवार को इस्लामाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बताया गया कि अगस्त 2025 में एक्स पर उनकी पोस्ट को लेकर साइबर अपराध शिकायत से जुड़े मामले में यह गिरफ्तारी हुई। उन पर पाकिस्तान के इलेक्ट्रॉनिक अपराध अधिनियम (PECA) के तहत आरोप लगाया गया। एक दिन बाद शनिवार को पाकिस्तान को आतंकी देश कहने वाली कथित पोस्ट के लिए जोड़े को 10 साल जेल की सजा सुना दी गई।
अदालत ने इस कपल को तीन मामलों में दोषी ठहराया। इसमें उनको दस, पांच और दो साल की सजा सुनाई। यानी कुल 17 साल की सजा उनको सुनाई गई है। कोर्ट ने कहा कि ईमान की सोशल मीडिया पोस्ट में BLA, TTP और पश्तून तहफ़्फुज मूवमेंट जैसे बैन गुटों की तारीफ की गई थी और पाकिस्तान को एक ‘आतंकवादी राज्य’ के तौर पर दिखाया गया था। इससे राज्य की संस्थाओं और सेना पर लोगों का भरोसा कम हुआ है।














