‘टाइम्स नाउ’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मयूर पटेल शराब के नशे में तेज रफ्तार से अपनी फॉर्च्यूनर SUV भगा रहे थे। इसी दौरान गुरुवार सुबह उन्होंने बेंगलुरु में खड़ी एक कार में टक्कर मार दी। इस कारण पीछे से आ रही कई गाड़ियां भी डोमलूर में कमांडो हॉस्पिटल के पास आपस में टकरा गईं। क्षतिग्रस्त हुई गाड़ियों में एक सरकारी वाहन भी शामिल है।
दो कार मालिकों ने पुलिस को दी सूचना
‘टीवी9 कन्नड़’ की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि क्षतिग्रस्त गाड़ियों का पता एक्टर की कार से लगाया गया। दुर्घटना के बाद दो कार मालिकों, श्रीनिवास और अभिषेक ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद, होयसला पुलिस स्टेशन के कर्मियों ने मयूर पटेल को हिरासत में ले लिया और उनका मेडिकल टेस्ट करवाया।
मेडिकल जांच में नशे में होने की पुष्टि, कार का इंश्योरेंस भी वैलिड नहीं
मेडिकल जांच में कथित तौर पर यह पुष्टि हुई है कि गाड़ी चलाते वक्त एक्टर नशे में थे। जांच में पुलिस अधिकारियों ने यह भी पाया है कि दुर्घटना के समय एक्टर की कार बिना वैलिड इंश्योरेंस के थी।
कौन हैं मयूर पटेल
मयूर पटेल कन्नड़ फिल्मों के पॉपुलर एक्टर और फिल्ममेकर हैं। उन्होंने साल 2000 के दशक में एक्टिंग करियर की शुरुआत की। उन्हें साल 2003 में रिलीज फिल्म ‘मणि’ से पॉपुलैरिटी मिली। पिछले कुछ साल में, मयूर पटेल की रोमांटिक ड्रामा ‘लव स्टोरी’ (2005), एक्शन-ड्रामा ‘गुन्ना’ (2005), क्राइम फिल्म ‘स्लम’ (2013), और ‘मुनिया’ (2009) रिलीज हुई हैं। इनमें उनके काम को खूब सराहना मिली।
‘बिग बॉस कन्नड़’ में भी नजर आ चुके हैं मयूर पटेल
मयूर पटेल की पिछली रिलीज फिल्मों में 2024 में आई ‘पेपे’ और 2020 में आई ‘राजीवा’ शामिल हैं, जिसमें वह डबल रोल में नजर आए थे। मयूर फिल्मों के अलावा ‘बिग बॉस कन्नड़ सीजन 2’ में भी दिखे थे।













