हिंदी सिनेमा में इन दिनों पुराने गानों को रीमेक या फिर उसे रीक्रिएट करने का चलन बढ़ा है। अमल मलिक इसके पीछे की कड़वी सच्चाई पर भी बात करते हैं। ‘पिंकविला’ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में कंपोजर अभी भी क्रेडिट और फाइनेंशियल सिक्योरिटी के लिए लड़ रहे हैं।
अमल मलिक बोले- सोनू निगम का भी टेस्ट लिया जा रहा, हम कहां खड़े हैं?
डब्बू मलिक के बेटे और सिंगर अरमान मलिक के भाई अमल ने कहा, ‘मैं अपने कंपोजिशन के लिए किसी आर्टिस्ट को चुनते समय बहुत सोच-समझकर फैसला लेता हूं। लेकिन वो लोग नहीं चाहते थे कि सोनू निगम जैसा कोई शानदार सिंगर ‘मेरे ढोलना 3.0′ गाना गाए। वो नहीं चाहते थे कि हमें सोनू निगम जैसे किसी सिंगर के साथ जाना चाहिए। और इस तरह की बातें अब हर जगह हैं। उनके जैसा लेजेंडरी, टैलेंटेड इंसान को भी आप कटघरे में खड़ा करते हैं, उसका टेस्ट लेते हैं! तो आप समझ सकते हैं कि फिर हम कहां खड़े हैं।’
सोनू निगम को नहीं चाहती थी एक्टर और मार्केटिंग की टीम
साल 2024 में रिलीज डायरेक्टर अनीस बज्मी की फिल्म ‘भूल भुलैया 3’ में कार्तिक आर्यन, तृप्ति डिमरी, विद्या बालन और माधुरी दीक्षित लीड रोल में थे। इस फिल्म में ‘मेरे ढोलना 3.0’ गाना आखिरकार सोनू निगम ने ही गाया था। इसके पीछे की लड़ाई को लेकर अमल मलिक कहते हैं, ‘भूषण कुमार सर मान गए। ANR (आर्टिस्ट्स एंड रेपर्टरी, जो एक रिकॉर्ड लेबल के डिवीजन का हिस्सा है) वो भी मान गए। डायरेक्टर मान गए। लेकिन मार्केटिंग टीम के दूसरे लोग आ रहे हैं; एक्टर की टीम से, मैनेजर आ रहा है जो फिर सुझाव दे रहे हैं कि हमें इस गाने के लिए अरिजीत सिंह के साथ जाना चाहिए, हमें विशाल मिश्रा के साथ जाना चाहिए। मैं समझता हूं, क्योंकि मेरी पसंद ये तीनों थे, लेकिन मुझे थोड़ी और दमदार आवाज चाहिए थी।’
सोनू निगम ने 45 मिनट में रिकॉर्ड कर लिया ‘मेरे ढोलना 3.0’ गाना
सोनू निगम को देश में क्लासिकल म्यूजिक का प्रतीक मानते हुए अमल मलिक कहते हैं, ‘सोनू निगम पर मुझे पूरा विश्वास है कि वह यह कर सकते हैं! उन्होंने 45 मिनट में गाना पूरा कर लिया। यह धरती पर सबसे मुश्किल गाना है जिसे मैंने रिकम्पोज़ किया है। प्रीतम दा का ओरिजिनल जिसे मैंने एक नए वर्स में बनाया। आखिर में वह सरगम, किसी भी क्लासिकल म्यूजिशियन से पूछिए, जिन्हें लगता होगा कि इसे पूरा करने में 5 घंटे लगे होंगे। हमने रात 7 से 12 बजे तक स्टूडियो बुक किया था। वह सीधे अमेरिका में एक शो से रात 10 बजे आए और 10.45 के आसपास 11 बजे तक इसे खत्म कर दिया।’
‘वो मुझे ही फिल्म से हटाने के लिए तैयार थे’
अमल मलिक आगे कहते हैं, ‘और फिर जब सब हो गया, तब सब लोग कहने लगे ‘वाह क्या गाना है!’ लेकिन गाने के लिए उनकी आवाज लेने के प्रोसेस के दौरान, वे मुझे फिल्म से हटाने के लिए तैयार थे, यह कह रहे थे कि तुम हमारी बात नहीं सुन रहे हो! तो जब मैं अपना सिंगर चुनता हूं, तो कई बार ऐसा होता है कि कंपोजर को ही बदल दिया जाता है!’
‘भूल भुलैया’ और ‘भूल भुलैया 2’ में किसने गाया था गाना
‘भूल भुलैया’ फ्रेंचाइज की पहली फिल्म साल 2007 में रिलीज हुई थी। तब ‘आमी जे तोमार’ (मेरे ढोलना) गाने को श्रेया घोषाल और एमजी श्रीकुमार ने गाया था। जबकि 2022 में रिलीज सीक्वल ‘भूल भुलैया 2’ में इसे अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाय। पहली फिल्म को जहां प्रियदर्शन ने डायरेक्ट किया था, वहीं सीक्वल और फिर तीसरे पार्ट को अनीस बज्मी ने डायरेक्ट किया है।
- आमी जे तोमार (भूल भुलैया) – श्रेया घोषाल, एमजी श्रीकुमार
- आमी जे तोमार (भूल भुलैया 2) – श्रेया घोषाल, अरिजीत सिंह
- मेरे ढोलना 3.0 (भूल भुलैया 3) – सोनू निगम
‘भूल भुलैया’ फ्रेंचाइजी की तीनों फिल्मों का बॉक्स ऑफिस बिजनस
‘भूल भुलैया’ बॉलीवुड की सुपरहिट साइकोलॉजिकल हॉरर कॉमेडी फ्रेंचाइजी है। अक्षय कुमार विद्या बालन स्टारर पहली फिल्म ‘भूल भुलैया’ का बजट 32 करोड़ रुपये था और इसने बॉक्स ऑफिस पर 49.11 करोड़ रुपये की कमाई थी। इसके बाद आई ‘भूल भुलैया 2’ का बजट 65 करोड़ रुपये था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 184.32 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और ब्लॉकबस्टर बनी। जबकि 150 करोड़ के बजट में बनी ‘भूल भुलैया 3’ ने 260.11 करोड़ रुपये का कारोबार किया और सुपरहिट साबित हुई।














