मैच नहीं खेलने का फैसला बदलने के आसार नहीं
पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट्स की रिपोर्ट में पीसीबी सूत्रों के हवाले से मैच के बॉयकॉट का फैसला नहीं बदलने के संकेत दिए गए हैं। सूत्र के मुताबिक, मैच में नहीं खेलने की घोषणा पाकिस्तान सरकार ने की है। जब तक सरकार अपना फैसला नहीं बदलती, हम मैच में नहीं खेल सकते हैं। इससे पहले पाकिस्तान के टी20 कप्तान सलमान आगा ने भी यही संकेत ऑफिशियल प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए थे। आगा ने भी कहा था कि ग्रुप में तीन अन्य मैच भी पाकिस्तान को खेलने हैं और हम उनमें जीत हासिल करके सुपर-8 में क्वॉलिफाई करने की कोशिश करेंगे।
आईसीसी को लिखित जानकारी नहीं देगा पीसीबी
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पीसीबी मैच में नहीं खेलने को लेकर कोई लिखित जानकारी आईसीसी को नहीं भेजेगा। पीसीबी सूत्र ने कहा,’यह सरकार का फैसला है और इसे ऑफिशियल प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया है। ऐसे में आईसीसी को लिखकर भेजने की कोई जरूरत नहीं है। क्या कभी भारत ने (चैंपियंस ट्रॉफी में) किसी भी मौके पर आईसीसी को बताया था कि वो पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगा? आईसीसी ने कब भारत से कहा था कि वह (भारत) सरकार का पत्र दिखाए और ना ही उसने (भारत ने) कभी दिखाया था। इसलिए हमें कुछ भी लिखित में देने की जरूरत नहीं है।’
कानूनी सलाह लेने के बाद की है शरीफ ने घोषणा
पाकिस्तान और भारत का मैच नहीं होने से आईसीसी और टी20 वर्ल्ड कप के ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर को करीब 250 मिलियन डॉलर के रेवेन्यू का नुकसाने होने की संभावना है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि आईसीसी और ब्रॉडकास्टर पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ऐसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पाकिस्तान सरकार ने पहले लीगल एडवाइज ली है। इसके बाद ही मैच के बॉयकॉट की घोषणा की गई है। घोषणा से पहले रविवार को लाहौर में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पूर्व पीसीबी चीफ नजम सेठी से भी मुलाकात हुई है। सूत्र ने कहा,’सेठी ने भी पीएम को भारत के खिलाफ कठोर कदम उठाने की सलाह दी थी, क्योंकि सेठी के पीसीबी चेयरमैन रहने के दौरान भारत दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज से जुड़े एग्रीमेंट से साल 2016 में पीछे हट गया था।’
पाकिस्तान टीम के साथ वकील भेजा जा रहा है कोलंबो
पाकिस्तान की टीम सोमवार शाम को टी20 वर्ल्ड कप में भाग लेने के लिए श्रीलंका के कोलंबो पहुंच गई है। सूत्र ने यह भी कहा कि यदि वहां बॉयकॉट के मुद्दे पर कोई आईसीसी मीटिंग होती है तो उसमें टीम अधिकारियों के साथ जाने के लिए एक वकील भेजा जा रहा है। इसकी इजाजत पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने दे दी है ताकि आईसीसी को लीगल पॉइंट्स पर जवाब दिया जा सके।














