F-35 ने मार गिराया ईरानी शाहेद-139 ड्रोन
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा, “USS अब्राहम लिंकन (CVN 72) ईरान के दक्षिणी तट से लगभग 500 मील दूर अरब सागर से गुजर रहा था, तभी एक ईरानी शाहेद-139 ड्रोन बेवजह जहाज की ओर बढ़ा। अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में ऑपरेट कर रही अमेरिकी सेना द्वारा तनाव कम करने के उपायों के बावजूद ईरानी ड्रोन जहाज की ओर उड़ता रहा।” हॉकिन्स ने कहा कि कैरियर से लॉन्च किए गए एक F-35C फाइटर जेट ने जहाज और उसके चालक दल की सुरक्षा के लिए आत्मरक्षा में ड्रोन को मार गिराया। कोई भी अमेरिकी सैनिक घायल नहीं हुआ, और न ही किसी अमेरिकी उपकरण को नुकसान पहुंचा।
अमेरिकी कमर्शियल शिप जब्त करना चाहता था ईरान
बाद में मंगलवार को, होर्मुज जलडमरूमध्य में, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की दो बोट और एक मोहजर ड्रोन एक अमेरिकी झंडे और चालक दल वाले कमर्शियल शिप के पास आए और उस पर चढ़ने और उसे जब्त करने की धमकी दी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा कि इस पर इलाके में तैनातएक अमेरिकी गाइडेड-मिसाइल डिस्ट्रॉयर ने जवाब दिया और फिलहाल वह उस कॉमर्शियल शिप को एक्सकॉर्ट कर रहा है।
अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार
हॉकिन्स ने कहा, “CENTCOM की सेनाएं उच्चतम स्तर के प्रोफेशनलिज्म के साथ काम कर रही हैं और मध्य पूर्व में अमेरिकी कर्मियों, जहाजों और विमानों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र और हवाई क्षेत्र में ईरानी उत्पीड़न और धमकियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अमेरिकी सेना, क्षेत्रीय साझेदारों और कमर्शियल जहाजों के पास ईरान की अनावश्यक आक्रामकता टकराव, गलत अनुमान और क्षेत्रीय अस्थिरता के जोखिम को बढ़ाती है।” इस घटना के बाद से मध्य पूर्व में तनाव और ज्यादा बढ़ गया है।














