अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की नई ओपनिंग जोड़ी
भारतीय टीम की सबसे बड़ी मजबूती उसकी आक्रामक ओपनिंग जोड़ी है। दुनिया के नंबर 1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपनी घातक बल्लेबाजी से पावरप्ले का भरपूर फायदा उठा रहे हैं। उनके जोड़ीदार के रूप में ईशान किशन का पलड़ा संजू सैमसन पर भारी नजर आ रहा है। ईशान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच में महज 20 गेंदों में 53 रनों की पारी खेलकर अपनी जगह पक्की कर ली है।
तिलक वर्मा, सूर्या और हार्दिक मिडिल ऑर्डर में मौजूद
नंबर 3 पर तिलक वर्मा की वापसी ने टीम को मजबूती दी है। उनके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव (नंबर 4) टीम की रीढ़ हैं, जो अपनी 360-डिग्री बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (नंबर 5) और शिवम दुबे फिनिशर के साथ-साथ छठे गेंदबाजी विकल्प की भूमिका निभाएंगे। रिंकू सिंह को टीम में ‘एक्स-फैक्टर’ फिनिशर के तौर पर शामिल किया गया है, जो अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने में माहिर हैं। खास बात यह रही कि इन सभी खिलाड़ियों को वॉर्मअप मैच में भरपूर मौका मिला। वहीं तिलक वर्मा ने अपनी वापसी पर 19 गेंदों पर 45 रन की पारी खेली।
अक्षर और वरुण चक्रवर्ती संभालेंगे स्पिन की जिम्मेदारी
भारतीय पिचों को देखते हुए स्पिन विभाग में अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती का खेलना लगभग तय है। वरुण चक्रवर्ती अपनी मिस्ट्री स्पिन से बल्लेबाजों को छकाने में सफल रहे हैं। कप्तान सूर्या के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि वे कुलदीप यादव और वरुण को एक साथ कैसे खिलाते हैं। ऐसे में ज्यादातर मैचों में कुलदीप यादव को बाहर बैठना पड़ सकता है। वहीं जिस मैच में पिच से स्पिनर्स को मदद मिलेगी वहां कुलदीप खेलते हुए नजर आएंगे।
बुमराह और अर्शदीप की जोड़ी भी मौजूद
तेज गेंदबाजी की कमान दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के हाथों में होगी। उनका साथ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह देंगे जो नई गेंद और डेथ ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं। अर्शदीप पिछले दो वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। ऐसे में हर्षित राणा बैकअप के तौर पर मौजूद रहेंगे।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की सबसे दमदार प्लेइंग 11:
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह













