इजरायली हनन्या नफ्ताली ने एक्स पर लिखा, ‘पुष्कर में इजरायल के खिलाफ नफरत फैलाने की कोशिश करने वाले दो ब्रिटिश टूरिस्ट को भारत से बाहर निकाला गया है। ये लोग यहूदी देश को निशाना बनाने के लिए अपने वीजा नियमों का उल्लंघन करते हैं। ऐसे लोगों के लिए जीरो टॉलरेंस रखकर भारत ने अच्छा किया है।’
इजरायली बोले- भारत ने ये ठीक किया
एक और इजरायली माइकल डिक्सन ने एक्स पर भारत से निकाले गए दोनों टूरिस्ट का फोटो शेयर किया है। उन्होंने फोटो शेयर करते हुए अपने पोस्ट में लिखा, ‘इन ब्रिटिश टूरिस्ट ने भारत के पुष्कर में इजरायल विरोधी स्टिकर बांटे थे। अब उन्हें वीजा की शर्तों का उल्लंघन करने के लिए देश से निकाल दिया जाएगा।’
राजस्थान पुलिस के क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने सोमवार को दोनों ब्रिटिश टूरिस्ट को भारत छोड़ने का नोटिस दिया है। दोनों ने पुष्कर के पब्लिक एरिया में जो स्टिकर चिपकाए, उन पर ‘फ्री फिलिस्तीन, बॉयकॉट इजरायल’ लिखा है। यह घटना 21 जनवरी को सामने आई थी, जब पुलिस को इसकी जानकारी मिली।
पोस्टर चिपकाना नियमों के खिलाफ: पुलिस
इस मामले की जांच CID को सौंपा गया। टीम ने पाया कि ऐसे स्टिकर लगाना ना सिर्फ लोकल भावनाओं का उल्लंघन है बल्कि टूरिस्ट वीजा नियमों के भी खिलाफ है। इसके बाद लुईस गैब्रियल डी (36) और एनुशी एम्मा क्रिस्टीन (36) नाम के दोनों टूरिस्ट को तुरंत भारत छोड़ने का आदेश दे दिया गया है।













