ओटीटी पर कुछ नया देखने की चाह रखते हैं तो एक नई वेब सीरीज ‘शबद: रीत और रिवाज’ की भी खूब चर्चा है। जबकि ‘द लिंकन लॉयर सीजन 4’ में मिकी हॉलर अपने अब तक के सबसे पर्सनल केस का सामना करने वाले हैं। आइए, एक नजर डालते हैं उन 6 नई फिल्मों और सीरीज की लिस्ट पर, जो इस वीकेंड OTT पर आपके मनोरंजन का मीटर हाई कर देंगे।
Kis Kisko Pyaar Karoon 2 (February 6)
कहां देखें- JioHotstar
कपिल शर्मा साल 2015 की अपनी सुपरहिट कॉमेडी फिल्म के सीक्वल ‘किस किसको प्यार करूं 2‘ में एक बार फिर से मोहन के रूप में वापस आए हैं। कहानी में इस बार वह एक हिंदू आदमी है और अपनी मुस्लिम गर्लफ्रेंड सानिया से शादी करने के लिए इस्लाम अपनाता है। सानिया के पिता की मंजूरी पाने के लिए अपना नाम बदलकर महमूद रख लेता है। लेकिन फिर गलतफहमियां होती हैं। कहानी में कुछ ऐसा ट्विस्ट आता है कि मोहन गलती से तीन अलग-अलग धर्मों की तीन अलग-अलग महिलाओं से शादी कर लेता है। अब वह अपनी सच्चाई छिपाने के लिए पहचान बदलकर सीक्रेट जिंदगी जी रहा है। मामला तब और बिगड़ जाता है, जब एक सख्त पुलिस अफसर इन धोखे वाली कई शादियों के मामलों की जांच शुरू करता है। फिल्म में मनजोत सिंह, हीरा वरीना, त्रिधा चौधरी, पारुल गुलाटी और आयशा खान भी हैं।
Shabad – Reet aur Riwaaz (February 6)
कहां देखें- ZEE5
‘शबद: रीत और रिवाज’ एक छह-एपिसोड की कमिंग-ऑफ-एज ड्रामा सीरीज है। यह घुप्पी सिंह की कहानी है, जो एक 16 साल का लड़का है। उसे हकलाने की पुरानी बीमारी है। फुटबॉल के लिए उसमें गजब का जुनून है। इस कारण उसके पिता से उसका टकराव होता है, क्योंकि पिता की चाह है कि घुप्पी, परिवार की भक्ति वाले रागी गायन की पवित्र परंपरा को आगे बढ़ाएगा। पंजाब के खूबसूरत बैकग्राउंड पर बनी यह सीरीज दिखाती है कि कैसे घुप्पी का संघर्ष उसके डर, इच्छा, महत्वाकांक्षा और कमियों के बावजूद उसकी राह तय करता है। सीरीज में मिहिर आहूजा और सुविंदर विक्की भी हैं।
The Raja Saab (February 6)
कहां देखें- JioHotstar
प्रभास की हालिया रिलीज तेलुगू फैंटेसी हॉरर कॉमेडी ‘द राजा साब‘ बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई। 400 करोड़ के बजट में बनी डायरेक्टर मारुति की इस फिल्म ने महज 146.03 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। हालांकि, यदि आप प्रभास के फैन हैं, तो जाहिर है अपने फेवरेट स्टार को बार-बार देखना जरूर चाहेंगे। ‘द राजा साब’ में वह राजू का किरदार निभा रहे हैं, जो पैसों की तंगी से परेशान नौजवान है। जल्दी पैसे कमाने के लिए वह अपनी पुश्तैनी हवेली बेचने का प्लान बनाता है। उसकी याददाश्त खो रही दादी गंगा देवी (जरीना वहाब) लापता दादा कनकराजु (संजय दत्त) को ढूंढने के लिए कहती हैं। राजू जब उस बड़ी हवेली में पहुंचता है, तो एक चौंकाने वाली सच्चाई पता चलती है। उसका दादा अब एक खूंखार आत्मा बन चुका है। उसे बदला लेना है और वह हवेली में छिपे हुए खजाने की रखवाली कर रहा है। अब राजू को अपनी चचेरी बहन भैरवी (मालविका मोहनन) और गर्लफ्रेंड बेसी (निधि अग्रवाल) के साथ हवेली में कनकराजु की बढ़ती अलौकिक पकड़ से बचना होगा।
Relationship Goals (February 4)
कहां देखें- Prime Video
केली रोलैंड और क्लिफ ‘मेथड मैन’ स्मिथ इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में लीड रोल में हैं। कहानी माइकल टॉड की न्यूयॉर्क टाइम्स की बेस्टसेलिंग किताब से प्रेरित है। रोलैंड इसमें लेआ कैल्डवेल का किरदार निभा रही हैं, जो एक शानदार टेलीविजन प्रोड्यूसर हैं और न्यूयॉर्क के टॉप मॉर्निंग शो को चलाने वाली पहली महिला बनकर इतिहास रचने वाली हैं। लेकिन उनकी योजनाएं तब मुश्किल में पड़ जाती हैं, जब उनका एक्स, जेरेट रॉय (मेथड मैन), उसी रोल तक पहुंचने के लिए मुकाबला करने लगता है। जैसे ही लेआ के करीबी दोस्तों का ग्रुप भी उस जिंदगी बदलने वाली किताब को पढ़ता है, सभी प्यार में अपना मकसद फिर से खोजने लगते हैं।
The Lincoln Lawyer season 4 (February 5)
कहां देखें- Netflix
ओटीटी के सबसे पॉपुलर सीरीज में से एक ‘द लिंकन लॉयर सीजन 4’ में मिकी हॉलर को अब तक के सबसे मुश्किल केस का सामना करना पड़ रहा है। अपने पुराने क्लाइंट सैम स्केल्स की हत्या के आरोप में फंसाए जाने के बाद उसे खुद को बचाना है। माइकल कॉनेली के नॉवेल ‘द लॉ ऑफ इनोसेंस’ पर आधारित, इस 10-एपिसोड वाले चौथे सीजन में मिकी को गिरफ्तार कर लिया जाता है। उसकी कार के ट्रंक में सैम की लाश मिलती है। अपने ऊपर से आरोप हटाने के लिए मिकी और उसकी टीम को सैम के आखिरी स्कैम का पता लगाना होगा। उन्हें DA ऑफिस, FBI और मिकी के अपने अतीत से मुकाबला करना है। सीरीज में मैनुअल गार्सिया-रुल्फो, नेव कैंपबेल, बेकी न्यूटन, जैज रेकोल और एंगस सैम्पसन वापसी कर रहे हैं। जबकि नए चेहरों में कोबी स्मल्डर्स और कॉन्स्टेंस जिम्मर शामिल हैं।
Salvador (February 6)
कहां देखें- Netflix
‘साल्वाडोर’ एक नई एक्शन-ड्रामा वेब सीरीज है। इसमें लुइस तोसर ने साल्वाडोर एगुइरे का रोल निभाया है, जो एक एम्बुलेंस ड्राइवर और पिता है। वह अपने शराबी अतीत को पीछे छोड़ने की कोशिश कर रहा है। लेकिन उसकी जिंदगी तब उलट-पुलट जाती है जब उसे पता चलता है कि उसकी बेटी, मिलेना, व्हाइट सोल्स नाम के एक नाजी उग्रवादी ग्रुप से जुड़ी है, जो नस्लवादी, हिंसक और होमोफोबिक मूल्यों का बचाव करता है। कट्टर फुटबॉल फैंस के बीच एक हिंसक झड़प होती है, जहां साल्वाडोर अपनी घायल बेटी को बचाने पहुंचता है। लेकिन वह ऐसा कर नहीं पाता। अब, उसे बेटी के गुनहगारों से बदला लेना है, लेकिन सबसे मुश्किल सवाल है कि कैसे?













