रूस ने मिलिट्री जनरल पर हमले को लेकर क्या कहा
जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेत्रेंको ने एक बयान में कहा कि मॉस्को के उत्तर-पश्चिम में स्थित एक अपार्टमेंट में एक अज्ञात हमलावर ने लेफ्टिनेंट जनरल एलेक्सेव पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल एलेक्सेव को कई गोलियां लगी हैं और उनका मॉस्को के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।पेत्रेंको ने यह नहीं बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल एलेक्सेव पर हमले के पीछे किसका हाथ हो सकता है। लेफ्टिनेंट जनरल एलेक्सेव साल 2011 से रूस की सैन्य खुफिया एजेंसी के प्रथम उप प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं।
रूस-यूक्रेन बातचीत के अगले दिन हुआ हमला
गोलीबारी की यह घटना यूक्रेन में लगभग चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए रूसी, यूक्रेनी और अमेरिकी वार्ताकारों के बीच अबू धाबी में संपन्न दो दिवसीय वार्ता के एक दिन बाद हुई है। इस वार्ता में रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सैन्य खुफिया विभाग के प्रमुख एडमिरल इगोर कोस्त्युकोव ने किया था।
रूस ने कई हमलों के लिए यूक्रेन को दोषी ठहराया
यूक्रेन पर आक्रमण के बाद रूसी अधिकारियों ने रूस में कई सैन्य अधिकारियों और सार्वजनिक हस्तियों की हत्याओं के लिए कीव को दोषी ठहराया है। यूक्रेन ने इनमें से कुछ हत्याओं की जिम्मेदारी भी ली है। हालांकि, उसने अभी तक लेफ्टिनेंट जनरल एलेक्सेव पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में कोई टिप्पणी नहीं की है।
पहले भी रूसी सैन्य अधिकारियों पर होते रहे हैं हमले
पिछले साल दिसंबर में रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के परिचालन प्रशिक्षण निदेशालय के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवरोव की एक कार बम हमले में मौत हो गई थी। इससे पहले, अप्रैल 2025 में जनरल स्टाफ में मुख्य परिचालन विभाग के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल यारोस्लाव मोस्कालिक की मॉस्को में उनके अपार्टमेंट के बाहर खड़ी कार में हुए विस्फोट में मौत हो गई थी।
यूक्रेनी सुरक्षा विभाग ने ली हमले की जिम्मेदारी
दिसंबर 2024 में रूसी सेना के परमाणु, जैविक और रासायनिक सुरक्षा बलों के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इगोर किरिलोव की उनके अपार्टमेंट के बाहर एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में हुए विस्फोट में मौत हो गई थी। यूक्रेन के सुरक्षा विभाग ने किरिलोव पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली थी।













