आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि 29 जनवरी से 4 फरवरी के बीच चलाए गए संयुक्त निरीक्षण अभियानों के दौरान कुल 20,237 अवैध निवासियों को अलग-अलग शहरों से पकड़ा गया। ये अभियान सुरक्षा बलों ने संबंधित सरकारी एजेंसियों के समन्वय से चलाए हैं। इसमें सबसे ज्यादा 12,687 को निवास कानून के उल्लंघन में गिरफ्तार किया गया है।
सीमा सुरक्षा उल्लंघन में गिरफ्तारी
सऊदी सरकार के मुताबिक, अधिकारियों ने 4,318 को सीमा सुरक्षा कानून के उल्लंघन और 3,232 को श्रम कानून तोड़ने पर पकड़ा है। इस दौरान 11,656 अवैध निवासियों को देश से निकाला गया। अधिकारियों ने 16,805 को यात्रा दस्तावेज के लिए उनके देशों के राजनयिक मिशनों के पास भेजा है। वहीं 2,437 को अपनी यात्रा बुकिंग प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।
मंत्रालय ने अपने बयान में बताया कि देश में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश करते हुए 1,555 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 40 प्रतिशत यमनी नागरिक और 57 प्रतिशत इथियोपियाई नागरिक हैं। बाक तीन प्रतिशत दूसरे देशों से हैं। अवैध तरीकों से सऊदी छोड़ने की कोशिश में भी 61 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सऊदी पुलिस ने मददगारों को भी पकड़ा
अधिकारियों ने ऐसे लोगों के मददगारों पर कड़ी सख्ती बरतने की बात कही है। अधिकारियों ने अवैध निवासियों को परिवहन, आश्रय या रोजगार देने आरोप में 32 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। मौजूदा नियमों को लागू करने के उपायों के तहत 23,807 प्रवासी कानूनी प्रक्रियाओं से गुजर रहे हैं। इनमें 21,926 पुरुष और 1,881 महिलाएं शामिल हैं।














