ब्रूक और बेथेल ने फिफ्टी ठोकी
टॉस जीतने के बाद पहले खेलने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 5 के स्कोर पर पहला झटका फिल साल्ट के रूप में लगा। जोस बटलर और जैकब बेथेल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी कर स्कोर को 43 तक ले गए। बटलर 17 गेंद पर 26 रन बनाकर आउट हुए। टॉम बैंटन सिर्फ दो रन ही बना सके। 57 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद इंग्लैंड को बेथेल और कप्तान हैरी ब्रूक ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की। बेथेल ने अर्धशतक लगाया। वह 35 गेंदों पर 4 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए।
हैरी ब्रूक ने भी अर्धशतक लगाया। ब्रूक ने 32 गेंद पर 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 53 रन की पारी खेली। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विल जैक्स ने फिनिशर की भूमिका बेहतरीन तरीके से निभाई और 18 गेंदों पर 4 छक्कों और 1 चौके की मदद से नाबाद 39 रन बनाकर टीम का स्कोर 7 विकेट पर 184 तक पहुंचाया। उन्होंने आखिरी ओवर में करन केसी के खिलाफ तीन छक्के मारे। दीपेंद्र सिंह एरे और नंदन यादव ने 2-2 विकेट लिए। शेर मल्ला और संदीप लामिछाने को 1-1 विकेट मिला।
नेपाल ने जोरदार लड़ाई की
इंग्लैंड के धुरंधर गेंदबाजों का नेपाल ने शुरुआत से ही डटकर सामना किया। दूसरे ओवर में कुशल भुर्तेल ने जोफ्रा आर्चर के खिलाफ तीन चौके मारे। तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 31 रन था। हालांकि इंग्लैंड ने स्पिन से अटैक किया और दूसरे ओपनर आसिफ शेख 7 रन बनाकर आउट हो गए। 17 गेंद पर 29 रन बनाकर भुर्तेल विल जैक्स का शिकार बने। इसके बाद दीपेंद्र सिंह ऐरी और कप्तान रोहित पौडेल ने मोर्चा संभाल लिया।
इंग्लैंड के अनुभव स्पिनर आदिल रशीद को दोनों ने अटैक किया। 3 ओवर में रशीद ने 42 रन दे दिए। तीसरे विकेट के लिए 54 गेंद पर रोहित और दीपेंद्र ने 82 रन जोड़े। हालांकि दोनों ही फिफ्टी नहीं बना सके। 39 रन बनाकर रोहित लियाम डॉसन का शिकार बने। 29 गेंद पर 44 रन बनाने के बाद दीपेंद्र को सैम करन ने आउट किया।
नेपाल को आखिरी चार ओवर में जीत के लिए 56 रन चाहिए थे। यहां से लोकेश बाम ने मोर्चा संभाल लिया। 18वें ओवर में नेपाल ने 22 रन बनाए। इसमें लोकेश के दो छक्के थे। इसके बाद 19वें ओवर में ल्यूक वुड के खिलाफ नेपाल ने 14 रन बटोरे। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे लेकिन सैम करन ने अनुभव का फायदा उठाते हुए सिर्फ 5 रन ही दिए। लोकेश बाम ने 20 गेंद पर 39 रनों की पारी खेली।













