तीन मुख्य प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी
ये सभी फैसले जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में हुई श्राइन बोर्ड की बैठक में लिए गए। प्रवक्ता के मुताबिक, माता वैष्णो देवी धाम को भारत का सबसे अग्रणी और जीवंत आध्यात्मिक केंद्र बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले फाइनल किए गए हैं। उन्होंने बताया कि श्राइन बोर्ड ने तीन मुख्य प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दी है। इनमें ‘मां शक्ति’ की आध्यात्मिक विरासत को समर्पित एक अंतरराष्ट्रीय म्यूजियम, एक भव्य लाइट एंड साउंड शो और माता वैष्णो देवी मंदिर पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म शामिल है।
फ्री NEET कोचिंग सेंटर को मंजूरी
श्राइन बोर्ड में खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। इसके अलावा, NGT के निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा मार्ग पर काम करने वाले घोड़े खच्चर और पिटू वालों के लिए एक पुनर्वास योजना तैयार कर उसे लागू किया जाएगा। स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए खरीदारी में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं और युवा उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी। मंदिर में चढ़ने वाला प्रसाद और अन्य सामान भी स्थानीय स्तर पर ही खरीदा जाएगा, ताकि इसका फायदा वहां के समुदाय को मिले। बोर्ड ने पास के इलाकों के युवाओं के लिए फ्री NEET कोचिंग सेंटर खोलने को भी मंजूरी दी है। प्रवक्ता ने कहा कि चूंकि माता के दरबार की वजह से कटरा शहर की पूरी दुनिया में पहचान है, इसलिए बोर्ड ने शहर के विकास में भी योगदान देने का फैसला किया है।
ये अहम फैसले किए
- श्रद्धालुओं का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किया गया ।
- वैष्णो देवी और शिव खोड़ी धाम के लिए अब एक ही जगह से हेलिकॉप्टर मिलेंगे।
- भक्तों को अब सूखे मेवे, सिक्के और मौली वाला नया ‘पाउच प्रसाद’ मुफ्त मिलेगा ।
- संजीछत से भवन तक का रास्ता चौड़ा होगा और नया एग्जिट ट्रैक बनेगा ।
- रियासी में 3 नए मंदिर बनेंगे और जम्मू के 2 पुराने मंदिरों की मरम्मत होगी।
- 2026-27 के लिए ग्रीन प्लान मंजूर, कटरा को हरा-भरा बनाने का लक्ष्य ।













