मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय और तटीय आंध्र प्रदेश में 10 फरवरी तक सुबह के समय घने कोहरे की संभावना जताई है। कोहरे की वजह से रेल, सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। जानते हैं कल आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम…
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में 10 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, रात के समय घना कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान 24 तो न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने की संभावना है। इस दौरान 5 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 11 और 12 फरवरी को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। सुबह के समय धुंध छाई रहेगी।
यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में दिन के समय में तेज धूप निकलने से दिन में कुछ खास ठंड का एहसास नहीं हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है। न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में भी ठंड का असर कम होने लगा सकता है। IMD के अनुसार, मौसम में फिलहाल कोई बड़ी मौसम गतिविधी नहीं दिख रही है। हालांकि 10 फरवरी तक सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं।
राजस्थान में कल कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान के कई इलाकों में अभी भी कड़ाके की ठंड हो रही है। IMD के अनुसार, राजस्थान में अगले 7 दिनों तक कोई बड़ी मौसम गतिविधी होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जबकि उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा।
उत्तराखंड में कल कैसा रहेगा मौसम?
IMD के अनुसार, उत्तराखंड में 10 और 11 फरवरी के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 10 फरवरी को कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा 14 और 15 फरवरी को फिर से हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
| शहर | अधिकतम तापमान (10 फरवरी) | न्यूनतम तापमान (10 फरवरी) |
| दिल्ली | 25°C | 10°C |
| मुंबई | 34°C | 18°C |
| कोलकाता | 28°C | 15°C |
| चेन्नई | 31°C | 22°C |
| लखनऊ | 26°C | 11°C |
| पटना | 26°C | 11°C |
| रांची | 25°C | 10°C |
| भोपाल | 28°C | 12°C |
| जयपुर | 27°C | 11°C |
| शिमला | 13°C | 07°C |
| नैनीताल | 19°C | 06°C |
जम्मू-कश्मीर में कल कैसा रहेगा मौसम?
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्र में 9 से 11 फरवरी के दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 10 फरवरी को कई इलाकों में व्यापक बर्फबारी, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यहां तापमान शून्य से नीचे बना रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश में कल कैसा रहेगा मौसम?
हिमाचल प्रदेश में भी 9 से 11 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 10 फरवरी को कुछ इलाकों में भारी बर्फबारी और तेज हवाएं चल सकती हैं। न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।














