हरी बॉक्सर ने 10 फरवरी को धमकी वाला पहला वॉयस नोट भेजा। यह नोट रणवीर सिंह के मैनेजर के पास आया, जिसमें 1 करोड़ रुपये की डिमांड की गई। हरी बॉक्सर ने धमकी देते हुए कहा कि अगर उसे पैसे नहीं दिए गए तो वह रणवीर सिंह के पूरे स्टाफ को खत्म कर देगा। गैंगस्टर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए VPN का सहारा लिया। हालांकि, बाद में पुलिस के सूत्रों ने बताया कि यह आवाज हरी बॉक्सर की है। आइए आपको बताते हैं कि ये हरी बॉक्सर आखिर है कौन और लॉरेंस गैंग के संपर्क में कैसा आया?
कौन है लॉरेंस गैंग का हरी बॉक्सर
- हरी बॉक्सर लॉरेंस विश्नोई गैंग का सदस्य है। उसका असली नाम हरिचंद है।
- एक समय हरी आर्मी और पुलिस में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था।
- लॉरेंस गैंग के संपर्क में आने के बाद लोगों को धमकी देने लगा।
- हरी के पिता का नाम गिरधारी जाट है और वह पेशे से किसान हैं।
- हरी एक समय जयपुर में बॉक्सिंग सीखा करता था, इसलिए उसका नाम हरी बॉक्सर पड़ गया।
- हरी बॉक्सर अलवर से अलग होकर बने नए जिले कोटपुतली-बहरोड़ के बानसूर का रहने वाला है।
- हरी बॉक्सर के खिलाफ जयपुर, धोलपुर, सीकर, करौली और अलवर सहित कई इलाकों में लूट, हत्या का प्रयास और मारपीट के 10 से ज्यादा मामलेदर्ज हैं।
अभी कहां हैं गैंगस्टर हरी बॉक्सर
- हरी बॉक्सर इस वक्त अमेरिका में है, उसने डंगी रूट यानी अवैध तरीके से साल 2024 में US में एंट्री ले ली थी।
- अमेरिका में रहकर हरी बॉक्सर लॉरेंस गैंग के लिए एक्टिव है। वह अमेरिका से गैंग के काम को अंजाम देता है।
- लॉरेंस बिश्नोई की गोल्डी बराड़ से दूरी होने के बाद उसने अमेरिका में हरी बॉक्सर को गैंग के काम के लिए तैनात किया है।
- हरी बॉक्सर की लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल से गहरी दोस्ती है। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती है।
कपिल शर्मा को भी दी थी धमकी
पिछले साल अगस्त महीने में कॉमेडी किंग कपिल शर्मा के कनाडा में स्थित कैफे पर फायरिंग हुई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। तब भी हरी बॉक्सर का एक ऑडियो सामने आया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर सनसनी मच गई थी।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी
हरी बॉक्सर ने एक बार फिर से रोहित शेट्टी को धमकी दी है। बता दें कि कुछ दिनों पहले ही फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी हुई थी। इस घटना के संबंध में पांच लोगों- अमन मारोटे (27), आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18) और स्वप्निल सकत (23) को गिरफ्तार किया गया था। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर को वांछित आरोपी के रूप में नामित किया गया था।













