शोएब मलिक ने दी पाकिस्तानी ऑलराउंडर्स को नसीहत
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक भारतीय टीम की रणनीति की तारीफ करते नजर आए। मलिक ने कहा, ‘नामीबिया के खिलाफ पिच 6 ओवर के बाद धीमी हो गई थी और स्पिनर्स को मदद मिल रही थी। टीम इंडिया ने खुद को परिस्थितियों के अनुसार ढाला और स्ट्राइक रोटेट की। हमारे ऑलराउंडर्स को भी भारतीय खिलाड़ियों से यह सीखना होगा कि पारी कैसे बुनी जाती है।’
हार्दिक जैसा पूरी दुनिया में कोई नहीं
मलिक की बात के बीच पैनल में बैठे एक अन्य विशेषज्ञ ने हार्दिक पंड्या की तुलना किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी से करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘हार्दिक पंड्या एक मुकम्मल (प्रॉपर) ऑलराउंडर हैं। बल्लेबाजी के वक्त वह मुकम्मल बल्लेबाज और गेंदबाजी के वक्त मुख्य गेंदबाज लगते हैं। पाकिस्तान ही नहीं, पूरी दुनिया में उनके जैसा कोई ऑलराउंडर नहीं है।’ यह बयान साबित करता है कि पाकिस्तान में पंड्या का किस कदर खौफ है।
नामीबिया के खिलाफ तांडव और पाकिस्तान की चिंता
हार्दिक पंड्या ने 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ महज 28 गेंदों में 52 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उन्होंने दिखाया कि जब मिडिल ऑर्डर संघर्ष कर रहा हो, तब खेल को कैसे बदला जाता है। पाकिस्तान के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में हार्दिक गेंद और बल्ले, दोनों से एक्स-फैक्टर साबित होने वाले हैं। हार्दिक ने पहले भी ऐसा करके दिखाया है।













