देश के दक्षिणी, पूर्वोत्तर और पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का अहसास होने लगा है। 16 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हरियाणा, पंजाब और पहाड़ी राज्यों के मौसम को प्रभावित कर सकता है। वहीं, 18-19 फरवरी को दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया जा रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी और बारिश की संभावना है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज (14 फरवरी) मौसम साफ रहेगा। बारिश को लेकर फिलहाल कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। सुबह के समय ठंड का अहसास हो सकता है, लेकिन दोपहर में धूप के चलते सर्दी का असर नजर नहीं आएगा। दिल्ली-एसीआर में बारिश नहीं होने की वजह से प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ने लगा है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में 14 और 15 फरवरी को दिन में धूप और शाम के समय ठंडक का अहसास होगा। हालांकि, आने वाले दिनों में एक बार बार मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने 17 और 18 फरवरी को वेस्ट यूपी में छिटपुट बारिश होने के आसार जताए हैं। स दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती हैं। मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, आगरा, मथुरा, संभल, बुलंदशहर, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज और हाथरस में बारिश हो सकती है।
आपके शहर में आज कितना रहेगा तापमान?
| शहर | अधिकतम तापमान (14 फरवरी) | न्यूनतम तापमान (14 फरवरी) |
| दिल्ली | 27°C | 11°C |
| मुंबई | 36°C | 23°C |
| कोलकाता | 31°C | 20°C |
| चेन्नई | 28°C | 22°C |
| लखनऊ | 26°C | 12°C |
| पटना | 26°C | 13°C |
| रांची | 26°C | 12°C |
| भोपाल | 29°C | 16°C |
| जयपुर | 26°C | 12°C |
| शिमला | 18°C | 06°C |
| नैनीताल | 18°C | 09°C |
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
बिहार में अगले 24 घंटे में मौसम में किसी तरह के बदलाव के आसार नहीं हैं। किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, कुछ जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे रहने की चेतावनी है। जिन जिलों में कोहरे की चेतावनी है उनमें पटना, सारण, भोजपुर, बक्सर, जहानाबाद, गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा और भागलपुर जिले शामिल हैं। वहीं, आज पटना में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
उत्तराखंड में आज कैसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा और चमोली, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आसमान बादलों से ढके हैं और अधिकांश भागों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी रिकॉर्ड की जा रही है। बेमौसम बारिश-बर्फ गिरने से एक बार फिर से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को अभी कड़ाके की सर्दी महसूस हो रही है। वहीं, मैदानी जिलों में कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी है।













