क्यों रद्द किया भारत दौरा?
जेन्सेन हुआंग के भारत दौरा रद्द करने का कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया की मीडिया एजेंसी ने बताया है कि वह ‘अनदेखे हालात’ के कारण भारत की यात्रा नहीं कर पाएंगे। हुआंग इस समिट के सबसे बड़े चेहरों में से एक थे। याद रहे कि इस समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट को ग्लोबल साउथ का सबसे बड़ा एआई इवेंट बताया जा रहा है, जिसमें दुनिया की टॉप कंपनियों की सीईओ, तमाम देशों के राष्ट्राध्यक्ष पहुंच रहे हैं।
16 से 20 फरवरी तक आयोजन
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट का आयोजन 16 से 20 फरवरी के बीच किया जाना है। समिट में हिस्सा लेने के लिए गूगल से सुंदर पिचाई और डेमिस हसाबिस (Google DeepMind) भारत आ रहे हैं। इसके अलावा, डारियो अमोदेई (Anthropic), एलेक्जेंडर वांग (Meta), क्रिस्टियानो अमोन (Qualcomm), निकेश अरोड़ा (Palo Alto Networks), शांतनु नारायण (Adobe), सैम ऑल्टमैन (OpenAI), मुकेश अंबानी (रिलायंस इंडस्ट्रीज), सुनील भारती मित्तल (भारती एंटरप्राइजेज), के. कृतिवासन (TCS), नंदन नीलेकणि (इन्फोसिस), एन. चंद्रशेखरन (टाटा ग्रुप) भारत पहुंच रहे हैं।
AI की चिंता के बीच अहम है समिट
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने इस वक्त पूरी दुनिया को चिंता में डाला हुआ है। बड़ी-बड़ी कंपनियां अपनी वर्कफोर्स में कटौती कर रही हैं। एंथ्रोपिक जैसी कंपनियों के एआई टूल ‘कोवर्क’ ने आईटी और सॉफ्टवेयर कंपनियों को डराया हुआ है क्योंकि इसने बहुत सारे कामों को ऑटोमैटिक बना दिया है। इन हालात के बीच इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट को काफी अहम माना जा रहा है।













