आदिल रशीद और डॉसन का कमाल
इंग्लैंड ने आदिल रशीद के तीन विकेट और लियाम डॉसन के दो विकेट से शनिवार को यहां आईसीसी टी20 विश्व कप ग्रुप सी के अहम मैच में स्कॉटलैंड की पूरी टीम को 19.4 ओवर में 152 रन पर समेट दिया। अनुभवी लेग स्पिनर रशीद ने 36 रन देकर तीन विकेट झटके और बाएं हाथ के स्पिनर डॉसन ने 34 रन देकर दो विकेट हासिल किए। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को दो विकेट मिले।
स्कॉटलैंड ने लगातार खोए विकेट
स्कॉटलैंड तीन विकेट पर 113 रन बनाकर अच्छी स्थिति में था और ऐसा लग रहा था कि टीम 200 रन का आंकड़ा पार कर लेगी जिसमें कप्तान रिकी बेरिंगटन (49 रन) और टॉम ब्रूस (24 रन) अच्छी लय में दिख रहे थे। लेकिन इंग्लैंड की स्पिन जोड़ी ने बीच ओवरों में पारी का रूख ही बदल दिया जिससे जो बड़ा स्कोर बनने की उम्मीद थी, वह उम्मीद से कम रह गया।
बेरिंगटन फिफ्टी बनाने से चूके
अपने पहले दो ओवर में 26 रन देने के बाद रशीद ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने बेरिंगटन को अर्धशतक से एक रन पहले आउट किया। अपने अगले ओवर में रशीद ने तीन गेंद में मैथ्यू क्रॉस और मार्क वाट के रूप में दो विकेट लिए। इंग्लैंड की स्पिन जोड़ी ने चार ओवर में पांच विकेट झटके जिससे स्कॉटलैंड का स्कोर तीन विकेट प 113 रन से 8 विकेट पर 127 रन हो गया। टीम ने बीच के ओवर में 14 रन पर पांच विकेट गंवा दिए।
स्कॉटलैंड के बल्लेबाज हुए फेल
जेमी ओवरटन (23 रन देकर एक विकेट) ने भी कसी गेंदबाजी की जिससे स्कॉटलैंड उबरने में नाकाम रहा। इंग्लैंड ने आर्चर (24 रन देकर दो विकेट) की गेंदबाजी की बदौलत शुरूआती झटके दिए जिन्होंने पावरप्ले के अंदर तीन गेंद में सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से (04) और ब्रैंडन मैकमुलन (00) को आउट किया। माइकल जोन्स (33 रन) ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में सैम कुरेन को दो चौके और एक छक्का लगाकर स्कोर बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन इसी ओवर में आउट हो गए।
पावरप्ले में स्कॉटलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 42 रन था। इसके बाद बेरिंगटन और ब्रूस ने चौथे विकेट के लिए 41 गेंद में 71 रन जोड़े जिससे स्कॉटलैंड अच्छी स्थिति में था। पिच से अतिरिक्त उछाल और तेजी मिल रही थी जिसका आर्चर ने अपने शुरुआती स्पेल में अच्छा फायदा उठाया। इस दौरान आर्चर ने एक उपलब्धि भी हासिल की, वह स्टुअर्ट ब्रॉड और मार्क वुड के बाद तीनों प्रारूपों में 50 विकेट लेने वाले इंग्लैंड के तीसरा तेज गेंदबाज बन गए।













