भारतीय गेंदबाजों ने शुरू से बनाया दबाव
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2.2 ओवर में 22 रन बनाकर तेज शुरुआती की लेकिन बेथ मूनी (05) ने रेणुका की गेंद को हवा में लहराकर कवर्स में स्मृति मंधाना को कैच थमा दिया। दूसरी सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल (10 गेंद में 18 रन) भी इसके बाद क्रांति गौड़ की बाहर की ओर जाती गेंद को कट करने की कोशिश में विकेटकीपर ऋचा घोष को कैच दे बैठीं।
एलिस पैरी (11 गेंद में 20 रन) और फोएबे लिचफील्ड (19 गेंद में 26 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 41 रन की तेज साझेदारी करके पारी को संभाला। हालांकि जब यह जोड़ी भारत के लिए खतरा बनने लगी तब कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अरुंधति की गेंद पर पीछे दौड़कर गोता लगाते हुए पैरी का शानदार कैच पकड़ा। जॉर्जिया वेयरहैम (30) और निकोला कैरी (12) ने छठे विकेट के लिए 41 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
12 रन बनाने में आखिरी 5 विकेट गिरे
अरुंधति ने 14वें ओवर में जॉर्जिया को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा जबकि श्री चरणी ने अगले ओवर में निकोला की पारी का अंत किया।अरुंधति ने डार्सी ब्राउन (01) को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया की पारी का अंत किया। मेजबान टीम ने अपने अंतिम पांच विकेट सिर्फ 12 रन पर गंवाए। अरुंधति रेड्डी ने 4 ओवर में 22 रन देकर 4 जबकि रेणुका सिंह ठाकुर ने 14 रन देकर 2 विकेट लिए। श्री चरणी को भी दो सफलता मिली।
भारतीय बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन
भारतीय टीम को शेफली वर्मा ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। तीन ओवर के बाद भारत का स्कोर 18 रन ही था लेकिन चौथे ओवर में निकोला कैरी शेफाली और स्मृति ने 15 रन ठोक दिए। 5वें ओवर की पहली गेंद पर शेफाली 21 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्होंने 11 गेंद पर एक चौका और दो छक्के मारे। हालांकि इसके बाद जेमिमा और स्मृति ने इस ओवर में तीन चौके मारे।













