विल जैक्स ने 21 गेंद पर अर्धशतक लगाया
विल जैक्स इंग्लैंड के लिए 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने 21 गेंदों पर फिफ्टी ठोक दी। यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जैक्स की पहली फिफ्टी है। वह 22 गेंद पर 53 रन बनाकर नाबाद रहे। अपनी पारी में दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 3 चौके और 4 छक्के मारे। उनकी पारी की मदद से इंग्लैंड ने आखिरी 5 ओवर में 78 रन ठोक दिए।
इंग्लैंड के लिए सबसे तेज टी20 विश्व कप फिफ्टी
इंग्लैंड के लिए टी20 विश्व कप इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड इयोन मोर्गन के नाम दर्ज था। श्रीलंका में हुए 2012 टी20 विश्व कप में मोर्गन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 25 गेंद पर फिफ्टी लगाई थी। 2021 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जोस बटलर के बल्ले से भी 25 गेंद पर फिफ्टी निकली थी। 21 गेंद पर फिफ्टी लगाकर विल जैक्स इंग्लैंड के लिए टी20 विश्व कप में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
इंग्लैंड की टीम को 202 रनों तक पहुंचा दिया
इंग्लैंड की आधी टीम 12वें ओवर में 105 रनों पर पवेलियन लौट गई थी। इसके बाद विल जैक्स क्रीज पर उतरे। यहां से उन्होंने टीम को 202 रनों तक पहुंचा दिया। उन्होंने छठे विकेट के लिए सैम करन के साथ 25 गेंद पर 54 जबकि 7वें विकेट के लिए जेमी ओवर्टन के साथ 16 गेंद पर 35 रन जोड़े। नेपाल के खिलाफ मैच में इंग्लैंड को सिर्फ एक रन से जीत मिली थी। उस मैच में जैक्स ने आखिरी ओवर में तीन छक्के मारे थे।














