करीब 3 मिनट 7 सेकंड के जारी इस ट्रेलर की शुरुआत एक चौंकाने वाले बयान से होती है, जिसमें कहा गया, ‘इंशाअल्लाह, अगले 25 साल में भारत एक इस्लामिक स्टेट होगा और पूरे भारत में शरिया लागू होगा।’ इसके बाद शुरू होती है इस विकृत सोच में उलझे हुए लोगों की दास्तान। फिल्म की कहानी अलग-अलग राज्यों की ओर जाती है और एक बार फिर से फिल्म तीन हिंदू लड़कियों की जिंदगी की घटनाओं को सामने लाती है।
16 साल की बेटी का जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कहानी
‘द केरल स्टोरी 2’ के ट्रेलर में दिखाया जाता है कि राजस्थान में एक परिवार पुलिस स्टेशन पहुंचता है और शिकायत करता है कि उनकी 16 साल की बेटी का जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की गई है। वहीं, इसके बाद मध्य प्रदेश की कहानी दिखाई जाती है, जहां एक हिंदू लड़की को प्यार के नाम पर धोखा देकर शादी का झांसा दिया जाता है, लेकिन उसके बाद उन पर धर्म बदलने का दबाव बनाया जाता है। लड़की का अकेलापन और उसकी चुप्पी दर्शकों को उसके दर्द का एहसास कराती है।
मुस्लिम लड़का हिंदू गर्लफ्रेंड से लिव-इन रिलेशनशिप के लिए कहता है
वहीं ट्रेलर में दिखाई गई तीसरी कहानी में केरल में एक मुस्लिम लड़का अपनी हिंदू गर्लफ्रेंड से लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के लिए कहता है। जब लड़की कहती है कि वो कन्वर्ट नहीं होगा तो पहले तो लड़का कहता है कि वो इन चीजों में यकीन नहीं करता। लेकिन देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो जाती है।
प्यार के नाम पर पीछे चलने वाली एक बड़ी साजिश
ट्रेलर में तीन मुख्य किरदारों की जिंदगी में प्यार के नाम पर पीछे चलने वाली एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया गया है। फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया लीड रोल में हैं। फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह ने किया है और इसे प्रड्यूस विपुल अमृतलाल शाह और को-प्रड्यूस आशिन ए. शाह की टीम ने सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया है।
लोगों ने कहा- धुआंधार ट्रेलर, पहले दिन पहला शो
‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इस ट्रेलर को देखकर लोगों ने कहा है- ‘केरल स्टोरी नहीं, राजस्थानी स्टोरी नहीं, ये फिल्म होगी ब्लॉकबस्टर।’ एक ने कहा- भारत में हर लड़की को हर समय जागरूक रहना चाहिए और अपने माता-पिता के अलावा किसी पर भी आंख बंद करके विश्वास नहीं करना चाहिए, जय हिंद। वहीं एक और यूजर ने कहा है- जब ट्रेलर में इतना ट्रॉमा है तो फिल्म में क्या होगा। एक और ने कहा- धुआंधार ट्रेलर, पहले दिन पहला शो। वहीं एक और ने कहा- गर्ल्स, प्लीज ये फिल्म जरूर देखना, इस फिल्म में हमारे समाज की कड़वी सच्चाई को दिखाया गया है।













