युवराज ने तोड़ा अहमद शहजाद का रिकॉर्ड
युवराज सामरा टी20 विश्व कप इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने 19 साल और 141 दिन की उम्र में शतकीय पारी खेली। अभी तक यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के अहमद शहजाद के नाम दर्ज था। उन्होंने 2014 में मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ 22 साल और 127 दिन की उम्र में शतक लगाया था। सुरेश रैना के बल्ले से 2010 में 23 साल और 156 दिन की उम्र में शतकीय पारी निकली थी।
– युवराज सामरा टी20 विश्व कप में फिफ्टी लगाने वाले भी सबसे कम उम्र के बल्लेबाज हैं। बांग्लादेश के जुनैद सिद्दीकी ने 2007 में 19 साल और 325 दिन की उम्र में फिफ्टी ठोकी थी।
– टी20 विश्व कप में युवराज सामरा न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। इससे पहले सबसे बड़ी पारी साउथ अफ्रीका के जस्टिन कैंप (89 रन) ने 2007 में खेली थी।
– युवराज सामरा विश्व कप इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज हैं। 2011 वनडे विश्व कप में पॉल स्टर्लिंग ने 20 साल और 196 दिन की उम्र में शतक ठोका था।
टी20 विश्व कप में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी
19 साल 141 दिन- युवराज सामरा vs NZ, चेन्नई (2026)
22 साल 127 दिन- अहमद शहजाद vs BAN, मीरपुर (2014)
23 साल 156 दिन- सुरेश रैना vs SA, ग्रोस आइलेट (2010)
25 साल 83 दिन- एलेक्स हेल्स vs SL, चटगांव (2014)
25 साल 327 दिन- ग्लेन फिलिप्स vs SL, सिडनी (2022)
एसोसिएट देश का पहला टी20 विश्व कप शतक
युवराज सामरा इस टूर्नामेंट के इतिहास में शतक लगाने वाले 12वें बल्लेबाज हैं। क्रिस गेल ने 2007 में टूर्नामेंट के इतिहास के पहले ही मैच में 117 रन ठोके थे। उस मैच में वेस्टइंडीज की टीम हार गई थी। इस मैच में कनाडा को हार मिली। यह टी20 विश्व कप में हारे हुए मैच में सिर्फ दूसरा शतक है। इसके साथ ही सामरा टी20 विश्व कप में शतक लगाने वाले एसोसिएट देश के पहले क्रिकेटर भी हैं। 2024 में अमेरिका के आरोन जोंस ने कनाडा के खिलाफ ही 94 रन बनाए थे।













