राजधानी दिल्ली के नॉर्थ इलाके में बड़े गैंगस्टर के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले बॉबी कबूतर ने न सिर्फ सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में रेकी की थी, बल्कि उसने ही बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पटानी के घर में हुई फायरिंग केस में असलहा मुहैया कराया था। हाल में ही नदीम ब्रदर्स के मर्डर केस में भी महफूज का नाम सामने आया था।
सिद्धू मूसेवाला की रेकी में नाम
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला है कि बॉबी कबूतर ने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी। लगातार कई दिनों तक रेकी करने के बाद उसने यह जानकारी गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई गैंग तक पहुंचाई। इसी जानकारी के आधार पर हमलावरों ने मई 2022 में दिनदहाड़े सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
दिशा पटानी के घर पर फायरिंग में भी नाम
दिल्ली, हरियाणा में संगीन वारदातों को अंजाम देने के बाद बॉबी कबूतर ने उत्तर प्रदेश की ओर अपने ‘पर’ फैलाए। बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पटानी के उत्तर प्रदेश स्थित बरेली आवास पर फायरिंग के मामले में भी बॉबी कबूतर का नाम सामने आया था। जांच के मुताबिक, दिशा पटानी के घर पर हुई फायरिंग में बॉबी ने ही विदेशी हथियार शूटर्स को उपलब्ध कराए थे।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक्ट्रेस के घर पर हुई गोलीकांड मामले में पहले ही दो शूटर्स को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में भी बॉबी फरार था।
नदीम ब्रदर्स की हत्या में नाम
दिल्ली के जाफराबाद इलाके में नदीम ब्रदर्स की हत्या के मामले में भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इस खास गुर्गे का नाम भी सामने आया था। पुलिस के मुताबिक हत्यारों ने 1-2 नहीं बल्कि पूरे 48 राउंड फायरिंग की। इनमें से 35 गोलियों ने फजील और नदीम के शरीर में धंस गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।













