ऋषभ शेट्टी की ‘जय हनुमान‘ साल 2024 की पौराणिक एक्शन ड्रामा ब्लॉकबस्टर ‘हनु-मान’ का सीक्वल है। ‘123 तेलुगू’ की रिपोर्ट के मुताबिक, राणा दग्गुबाती को इस सीक्वल में एक अहम रोल के लिए अप्रचो किया गया है। बातचीत आखिरी दौर में है। यदि सब कुछ ठीक रहा, तो राणा इसी साल मार्च या अप्रैल 2026 में इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे।
22 फरवरी को हम्पी में ग्रैंड लॉन्चिंग की तैयारी
‘जय हनुमान’ को मैथरी मूवी मेकर्स, टी-सीरीज के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर प्रोड्यूस कर रही है। एक नई खबर यह भी है कि इस फिल्म को इसी महीने ऐतिहासिक शहर हम्पी में लॉन्च किया जाएगा। मेकर्स ने इसके लिए 22 फरवरी 2026 को एक शानदार सेरेमनी की तैयारी की है। ऋषभ शेट्टी इस सीक्वल में भगवान हनुमान का रोल निभा रहे हैं। हालांकि, राणा दग्गुबाती का किरदार क्या होगा, इसको लेकर कोई जानकारी नहीं आई है।
2024 में तेजा सज्जा की ‘हनु-मान’ बनी थी ब्लॉकबस्टर
बीते साल 2025 में, मेकर्स ने ‘जय हनुमान’ का पोस्टर रिलीज किया था। यह डायरेक्टर प्रशांत वर्मा के ‘प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स’ (PVCU) का अगला चैप्टर है। साल 2024 में तेजा सज्जा स्टारर उनकी फिल्म ‘हनु-मान’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल करते हुए वर्ल्डवाइड 295.29 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की थी। इसके ठीक बाद मेकर्स ने ‘जय हनुमान’ का ऐलान कर दिया था।
‘जय हनुमान’ में ऋषभ शेट्टी की कास्टिंग ने बढ़ाई एक्साइटमेंट
बीते साल अक्टूबर की शुरुआत में, ‘जय हनुमान’ के मेकर्स ने ऋषभ शेट्टी का फर्स्ट-लुक पोस्टर रिलीज किया था। इससे पहले फिल्म की कास्टिंग को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई थी। ऐसे में जब पोस्टर आया और उसमें ऋषभ शेट्टी टाइटल रोल में दिखे तो सोशल मीडिया पर फैंस के बीच तहलका मच गया। फर्स्ट-लुक पोस्टर में वह एक खाली पड़े मंदिर में भगवान राम की मूर्ति के सामने घुटने टेकते हुए दिख रहे हैं।
‘जय हनुमान’ के बाद भगवान इंद्र पर फिल्म बनाएंगे प्रशांत वर्मा
जानकारी के लिए बता दें कि डायरेक्टर प्रशांत वर्मा अपने ‘प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स’ (PVCU) में पौराणिक कथाओं को सुपरहीरो अंदाज में पेश कर रहे हैं। वह ‘हनु-मान’ और ‘जय हनुमान’ के बाद भगवान इंद्र पर भी एक फिल्म बना रहे हैं, जिसमें एक्टर नंदमुरी बालकृष्ण के बेटे मोक्षग्न लीड रोल में होंगे।













