विनय आनंद ने ‘हिंदी रश’ को दिए इंटरव्यू में बताया, ‘मैं जीवन भर गोविंदा से बहुत इंस्पायर्ड रहा हूं। और सिर्फ मैं ही नहीं, जब वो नंबर वन बने, तो पूरा देश उनसे इंस्पायर्ड था। ऐसा कोई सुपरस्टार नहीं था जो उनकी नकल न कर रहा हो या उनके जैसा डांस न कर रहा हो। यहां तक कि जिन्हें डांस करना नहीं आता था, उन्होंने भी उनकी वजह से डांस करना शुरू कर दिया।’
गोविंदा ने मां के जन्मदिन पर उनके पैर धोकर पानी पिया
विनय आनंद ने आगे कहा, ‘मैंने उन्हें घर पर भी देखा है। एक बार मेरी नानी (गोविंदा की मम्मी) का जन्मदिन था और वो आए थे, तो उन्होंने एक थाली में उनके पैर धोए और फिर वही पानी पी लिया।’
मां के करीब थे गोविंदा, मां ने की थीं ये 2 भविष्यवाणी
मालूम हो कि गोविंदा मां निर्मला देवी के बेहद करीब थे। गोविंदा ने एक बार बताया था कि वह मां के हर बर्थडे पर उनके पैर धोकर पानी पीते थे। वह मां को काफी प्रभावी ज्योतिषी मानते थे। मां ने ही भविष्यवाणी की थी कि गोविंदा 21 साल की उम्र में बड़ा कमाल करेंगे। यही नहीं, एक निर्मला देवी ने अपनी मौत की भविष्यवाणी भी खुद की थी और वह ठीक उसके तीन महीने बाद सच हो गई थी। गोविंदा ने मां के कहने पर ही सुनीता आहूजा से शादी की थी।
विनय आनंद को दुख, मामा गोविंदा ने कभी नहीं कीं उनकी फिल्में
हालांकि, विनय आनंद को इस बात का दुख है कि वह जितनी बार भी मामा गोविंदा के पास फिल्मों के ऑफर लेकर गए, उन्होंने एक भी फिल्म नहीं की। और विनय में कभी इतनी हिम्मत नहीं हुई कि वह इसकी वजह पूछ सकें। विनय आनंद बोले, ‘मैं अकसर खुद ही परेशानी में फंस जाता हूं। मैंने उन्हें कई फिल्मों के ऑफर दिए, उन्होंने मना कर दिया। मैंने कई इवेंट्स के ऑफर भी दिए, वो उन्हें स्वीकार नहीं करते। उनके अपने कारण हैं। हमारी उम्र में 14 साल का अंतर है, और वो हमेशा मेरे लिए पिता समान रहे हैं। हालांकि वो मेरे मामा हैं, लेकिन मैंने आदरवश उनसे कभी सवाल नहीं किया, कभी नहीं पूछा कि ‘क्यों’।’
‘आज भी वही इंसान हूं, जो बचपन में था’
विनय आगे बोले, ‘वो जो भी कहते हैं, मैं बस इतना ही कहता हूं कि ठीक है सर। आज भी, मैं 70 फिल्मों का हीरो रह चुका हूं और एक फील्ड में सुपरस्टार हूं। मेरे पास शोहरत, सम्मान, सब कुछ है, लेकिन आज भी उनके (गोविंदा) सामने मैं विनम्र बना रहता हूं। मैं आज भी वही इंसान हूं, जो बचपन में था।’
मामा गोविंदा के अफेयर पर बोले विनय आनंद
इस इंटरव्यू में विनय आनंद मामा गोविंदा के अफेयर के रूमर्स और मामी सुनीता आहूजा के इंटरव्यूज में कहीं बातों पर भी बोले। उन्होंने कहा, ‘मैं गोविंदा से इस बारे में पूछना चाहता था, लेकिन मैं नहीं चाहता था कि उन्हें लगे कि मैं उनके निजी मामलों में दखल दे रहा हूं। वह मेरे मामा हैं, और मेरा उनसे पिता जैसा रिश्ता है। हालांकि, मैंने उनसे एक बार पूछा था कि क्या आपका किसी के साथ अफेयर है? तो उन्होंने कहा, ‘नहीं, ऐसा कुछ नहीं है। जब गोविंदा ने इनकार किया, तो मैंने मान लिया। लेकिन जब मैं मामी के इंटरव्यू देखता हूं, तो मुझे थोड़ा अजीब लगता है क्योंकि हमने हमेशा उन्हें गोविंदा का सम्मान करते देखा है।’













