पाकिस्तान में बनेंगे आईफोन
Tribune की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सरकार द्वारा प्रपोज्ड मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग फ्रेमवर्क में इंसेंटिव देने पर सहमित जताने के बाद ऐपल पाकिस्तान में अपने आईफोन बनाने पर विचार कर रहा है। साथ ही, आईफोन को रिफर्बिश करके री-एक्सपोर्ट करने की तैयारी में भी है। सरकार को उम्मीद है कि पहले साल में रिफर्बिश्ड iPhones के री-एक्सपोर्ट से 100 मिलियन डॉलर मिलेंगे।
8 प्रतिशत मिलेगा परफॉर्मेंस इंसेंटिव
Apple मैनेजमेंट ने पाकिस्तान सरकार से डिस्काउंट कीमत पर जमीन देने, 8% परफॉर्मेंस इंसेंटिव और दो से तीन साल पुराने iPhones को रिपेयर करने के प्लान मांगे हैं। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट की मानें तो इंजीनियरिंग डेवलपमेंट बोर्ड (EDB) के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर हमाद अली मंसूर ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने इन तीन शर्तों को नए प्रपोज्ड मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग फ्रेमवर्क में शामिल किया है, जिसे प्राइम मिनिस्टर शहबाज शरीफ मंजूर करेंगे।
भारत की तरह ही पाकिस्तान में लेगी एंट्री
उन्होंने यह भी कहा कि Apple ने इंडोनेशिया, मलेशिया और भारत में भी इसी मॉडल के साथ कदम रखा था। उसने दो से तीन साल पुराने iPhones की मरम्मत शुरू की। इसका उद्देश्य लोकल मैनपावर को ट्रेनिंग देना था और बाद में फोन्स की मैन्युफैक्चरिंग शुरू की। सरकार Apple और दूसरे ग्लोबल मैन्युफैक्चरर्स को आकर्षित करने के लिए 6% परफॉर्मेंस इंसेंटिव को बढ़ाकर 8% करेगी।
पाकिस्तान में सस्ते हो जाएंगे आईफोन
अगर ऐसा हुआ को पाकिस्तान में आईफोन सस्ते होने की उम्मीद है। बता दें कि फिलहाल पाकिस्तान में आईफोन पर भारी आयात शुल्क लगता है। इस कारण वहां आईफोन की कीमत ज्यादा होती है। स्थानीय स्तर पर असेंबल होने से ये ड्यूटी कम हो जाएगी, जिससे आईफोन की कीमतें वहां काफी नीचे आ सकती हैं। इस बड़ी डील के बाद इनकी कीमतों में गिरावट आने की उम्मीद है। हालांकि, अभी इस प्रक्रिया में समय लग सकता है।













