हालांकि 15 फरवरी को कोलंबो में भारत से हारने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की जमकर आलोचना की जा रही थी। उनके दिग्गज शाहिद अफरीदी, मोहम्मद यूसुफ, राशिद लतीफ आदि। हर कोई अपनी ही टीम की आलोचना कर रहा था। शाहिद अफरीदी ने बाबर आजम, शदाब खान समेत अपने दामाद शाहीन अफरीदी को ही टीम से बाहर करने की बात कर दी थी। लेकिन अब पाकिस्तान के ऑलराउंडर शदाब खान ने ही अपने लीजेंड्स को तीखा जवाब दिया है।
शदाब खान ने पाकिस्तानी दिग्गजों को सुनाया
शदाब खान ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, ‘हमारे एक्स क्रिकेटर्स के अपने ऑपीनियन हैं। उन्होंने पाकिस्तान के लिए अच्छा किया है। लेकिन दिन के अंत में, उन्होंने भी कभी भारत को वर्ल्ड कप में नहीं हराया है। हम थे जिन्होंने भारत को 2021 के वर्ल्ड कप में हराया था। वर्ल्ड कप में हमने भारत को सिर्फ एक बार हराया है। हां वो लीजेंड्स हैं, लेकिन उन्होंने कभी भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप में अच्छा नहीं किया।’ बता दें कि पाकिस्तान ने वनडे और टी20 वर्ल्ड कप मिलाकर भारत को सिर्फ एक बार 2021 में हराया है। दुबई में खेले गए उस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था। उस टीम का हिस्सा शदाब खान भी थे। बाबर आजम उस वक्त पाकिस्तान के कप्तान थे।
नामीबिया के खिलाफ फॉर्म में नजर आए शदाब खान
पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर शदाब खान ने नामीबिया के खिलाफ बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। पहले उन्होंने बैटिंग करते हुए 3 छक्के और 1 चौके की मदद से 22 गेंद में नाबाद 36 रन बनाए। इसके बाद गेंदबाजी करते हुए शदाब ने 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट भी लिए। पाकिस्तान का सुपर 8 में पहला मुकाबला 21 फरवरी को न्यूजीलैंड से होने वाला है।













