वीडियो के साथ की गई छेड़छाड़
पाकिस्तानी प्रोपेगैंडा अकाउंट्स से प्रधानमंत्री मोदी का एक वीडियो ऑनलाइन शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में पीएम मोदी अपने भाषण में कह रहे हैं कि पाकिस्तान ने भारत के राफेल जेट को नष्ट कर दियात, जो कि पूरी तरह से झूठ है। PIBFact एक्स अकाउंट पर साफ-साफ बताया गया है कि इस वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। ट्वीट में सही वीडियो का लिंक भी दिया गया है। एआई के दौर में असली और नकली के बीच फर्क कर पाना दिन प्रतिदिन मुश्किल होता जा रहा है। ऐसे में लोग गलत कंटेंट देखकर फ्रॉड का शिकार भी हो सकते हैं।
लोगों को किया सावधान
PIBfact ने लोगों को इस तरह के कंटेंट से बचकर रहने के लिए के लिए चेतावनी भी दी है। ट्वीट में कहा गया है कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान के चल रहे गलत जानकारी वाले कैंपेन के तहत, ऐसे छेड़छाड़ किए गए वीडियो जानबूझकर लोगों को गुमराह करने के लिए शेयर किए जा रहे हैं। ट्वीट में यह भी कहा गया है कि अगर आपको ऐसा गुमराह करने वाला या छेड़छाड़ किया हुआ कंटेंट मिले, तो तुरंत उसकी रिपोर्ट करें। किसी भी फेक कंटेंट की रिपोर्ट करने के लिए आप साबइर क्राइम पोर्टल पर जा सकते हैं। या फिर आप 1930 पर कॉल भी कर सकते हैं।
भारत में बने सख्त कानून
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि केंद्र सरकार ने डीपफेक और AI से बनाए गए कंटेंट पर रोक लगाने के लिए डिजिटल नियमों को कड़ा कर दिया है। इसके लिए नए नियम बनाए गए हैं। नियमों के तहत AI से बनाए गए कंटेंट पर लेबलिंग होनी चाहिए। यह भी जरूरी है कि कंटेंट आया कहां से है और अगर कोई कंटेंट गैरकानूनी है तो उसे तीन घंटे के भीतर हटाना होगा। सरकार ने नियमों के पालन के लिए तय समय-सीमा भी घटाई है।













