शुक्रवार को यूएई में स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस भव्य रोशनी का वीडियो शेयर किया। वीडियो में बुर्ज खलीफा को भारत एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के थीम संदेश के साथ प्रकाशित होते देखा गया। जिसे दोनों देशों के बीच तकनीक, इनोवेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहयोग का प्रतीक बताया गया।
दूतावास ने अपने पोस्ट में कहा कि यह आयोजन भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच बढ़ती तकनीकी साझेदारी, डिजिटल परिवर्तन और AI के क्षेत्र में सहयोग को नई ऊंचाई देता है। यह दृश्य न केवल तकनीकी साझेदारी का प्रतीक बना, बल्कि वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती AI ताकत को भी दर्शाता है।
पीएम मोदी से मिले क्राउन प्रिंस शेख खालिद
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के बीच गुरुवार को द्विपक्षीय बैठक हुई। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुई मुलाकात में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, “भारत-यूएई के ऐतिहासिक रिश्तों को याद करते हुए, दोनों नेताओं ने आपसी सहयोग पर चर्चा की और अलग-अलग क्षेत्रों में हुई तरक्की पर खुशी जताई। उन्होंने एआई में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की।”
अबू धाबी के क्राउन प्रिंस, यूएई के राष्ट्रपति की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल हो रहे हैं। वहीं शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल होने के लिए बुधवार देर रात नई दिल्ली पहुंचे थे।
पीएम मोदी ने किया एआई इम्पैक्ट समिट का उद्घाटन
पीएम मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का उद्घाटन किया। लोगों को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि यह ग्लोबल साउथ के लिए गर्व का पल है कि एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी भारत में की गई है, साथ ही उन्होंने तेजी से बदलते टेक्नोलॉजी के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जिम्मेदार और नैतिक इस्तेमाल की तुरंत जरूरत पर जोर दिया।













